भारत के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार के नाम पर सबसे ज्यादा रन खर्च करने का शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. करियर के शुरुआती दौर में ही बरार रन लुटाने के मामले में काफी ऊपर नजर आ रहे हैं.
वह इन दिनों वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेल रहे हैं. तिरुवनंतपुरम के पहले वनडे में बरार ने 60 रन खर्चे थे. इसके बाद गुवाहाटी के दूसरे वनडे में उन्होंने 9.60 की इकॉनमी से 96 रन लुटाए थे. इसके साथ बरार वनडे की लगातार तीन पारियों में सबसे ज्यादा रन खर्च करने वाले गेंदबाज बन गए.
न्यू चंडीगढ़ के तीसरे वनडे को छोड़कर, फॉर्मेट में बरार की पिछली तीन पारियों पर नजर डालें तो उन्होंने कुल मिलाकर 253 रन खर्चे हैं. इसमें इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला गया वनडे भी शामिल है. गौर करने वाली बात यह है कि इन 3 मैचों में बरार ने सिर्फ 2 ही विकेट चटकाए हैं.
लगातार तीन वनडे पारियों में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाज
253 रन- गुरनूर बरार, 2026
246 रन- केविन ओ’ब्रायन, 2015
245 रन- शाहीन अफरीदी, 2019
244 रन- शिंगी मसाकाद्ज़ा, 2010
240 रन- एडम जम्पा, 2023
240 रन- अल्जारी जोसेफ, 2026
239 रन- भुवनेश्वर कुमार, 2015
गुरनूर बराड़ के पिछले तीन वनडे मैच
10-0-97-0 बनाम इंग्लैंड (लॉर्ड्स)
10-0-60-0 बनाम वेस्टइंडीज (तिरुवनंतपुरम)
10-0-96-2 बनाम वेस्टइंडीज (गुवाहाटी)
वनडे में 7 से ज्यादा गुरनूर बरार की इकॉनमी
न्यू चंडीगढ़ को हटाकर गुरनूर बरार ने अपने करियर में 8 वनडे खेल लिए हैं. इन मैचों की 8 पारियों में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 39.76 की औसत से 13 विकेट चटका लिए हैं, जिसमें उनका बेस्ट फिगर 3/27 का रहा. इस दौरान उन्होंने 7.19 की इकॉनमी से रन खर्चे हैं. वनडे क्रिकेट में 6 से ऊपर की इकॉनमी को खराब माना जाता है, यहां तो वह 7 से ज्यादा की इकॉनमी से रन लुटा रहे हैं.
बरार ने 13 जून 2026 को अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए वनडे के जरिए अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू किया था. इसके बाद से ही उन्हें एक के बाद एक मौके मिल रहे हैं. ऐसे में बरार को अपनी इकॉनमी में जरूर सुधार लाना होगा.