भारतीय क्रिकेट के सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने काफी कम उम्र में एक और ऐसा ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित कर दिया है, जो सिर्फ क्रिकेट तक सीमित न रहकर पूरे भारतीय खेल इतिहास में दर्ज हो गया है.
एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल जीता. इसी के साथ वैभव एशियन गेम्स के इतिहास में गोल्ड मेडल जीतने वाले सबसे युवा भारतीय एथलीट बन गए हैं. (PHOTO CREDIT- PTI)

सिर्फ 15 साल 6 महीने और 10 दिन की उम्र में पोडियम के टॉप पर खड़े होकर वैभव सूर्यवंशी ने स्टार निशानेबाज सौरव चौधरी का आठ साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड शूटर सौरव चौधरी के नाम था, जिन्होंने साल 2018 के एशियन गेम्स में 16 साल की उम्र में 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में गोल्ड जीता था. (PHOTO CREDIT- PTI)

एशियन गेम्स में किसी भी मेडल को जीतने के मामले में वैभव सूर्यवंशी भारत के दूसरे सबसे युवा मेडल विजेता हैं. ये रिकॉर्ड स्पीड स्केटर संजना बथुला के नाम है, जिन्होंने हांगझू 2023 में 15 साल 3 महीने और 11 दिन की उम्र में महिला स्पीड स्केटिंग 3000 मीटर रिले में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. (PHOTO CREDIT- PTI)

पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी महामुकाबले में वैभव सूर्यवंशी से एक बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन फाइनल में वो उम्मीद के मुताबिक नहीं चमक सके. उन्होंने पारी के आगाज में विस्फोटक अंदाज दिखाते हुए 9 गेंदों में 15 रन बनाए. लेकिन तीसरे ओवर में पाकिस्तान के ऑलराउंडर सैम अयूब ने उन्हें पवेलियन की राह दिखाई. (PHOTO CREDIT- PTI)

भारतीय टीम ने इस मुकाबले में 20 ओवरों में 211 का विशाल स्कोर खड़ा किया. 212 रनों के बड़े टारगेट का पीछा करते हुए पाकिस्तानी टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी. जिसके चलते भारत ने यह मुकाबला 19 रनों से जीतकर एशियन गेम्स का पुरुष क्रिकेट गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. (PHOTO CREDIT- PTI)