IPL 2027: SRH में कप्तानी पर बवाल, नाराज हुए अभिषेक शर्मा! बदल सकते हैं टीम

Abhishek Sharma, IPL 2027: इंडियन प्रीमियर लीग 2027 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खेमे से एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टी20 टीम के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा फ्रेंचाइजी के अंदर लिए गए कप्तानी के फैसले से काफी नाराज हैं और वो आईपीएल 2027 के लिए टीम छोड़ना चाहते हैं.

बताया जा रहा है कि पैट कमिंस के उत्तराधिकारी के तौर पर फ्रेंचाइजी की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को कमान सौंपे जाने से अभिषेक नाराज हैं.

सनराइजर्स हैदराबाद में कप्तानी पर बवाल!

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, लंबे समय से हैदराबाद से जुड़े होने के कारण अभिषेक शर्मा खुद को कप्तान का दावेदार मानते हैं. लेकिन जब पिछले सीजन टीम मैनेजमेंट ने ईशान किशन पर भरोसा जताया, तो इससे आहत होकर उन्होंने नई फ्रेंचाइजी की तलाश शुरू कर दी है. इस पूरे विवाद की जड़ में पैट कमिंस का इंटरनेशनल शेड्यूल है. ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान पैट कमिंस के आगामी एशेज सीरीज और 2027 वनडे वर्ल्ड कप को प्राथमिकता देने के चलते आईपीएल 2027 के ज्यादातर या पूरे सीजन से बाहर रहने की संभावना है.

कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभालने के लिए सनराइजर्स मैनेजमेंट ने ईशान किशन को चुना है, जो पिछले सीजन भी कुछ मैचों में टीम की कप्तानी करते हुए नजर आए थे. रिपोर्ट के मुताबिक, अभिषेक शर्मा साल 2019 से हैदराबाद से जुड़े हुए हैं और उन्हें लगा था कि इतने सालों की वफादारी और प्रदर्शन के बाद कप्तानी के हकदार वो थे. हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद के सीईओ के. षणमुगम ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है.

4 फ्रेंचाइजी से बातचीत जारी

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अभिषेक शर्मा की संभावित नई टीम को लेकर कई फ्रेंचाइजी के साथ बातचीत का दौर शुरू हो चुका है. पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस इस रेस में सबसे अहम विकल्प के तौर पर देखी जा रही है. वहीं, दिल्ली कैपिटल्स के साथ भी उनकी बातचीत की संभावनाएं काफी मजबूत मानी जा रही हैं, क्योंकि उनके मेंटर और पूर्व दिग्गज क्रिकेटर युवराज सिंह अब दिल्ली के कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा हैं. गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के साथ भी संपर्क साधे जाने की खबरें हैं.

Leave a Comment