AUS vs SA: कैंसर को दी मात, अब 10 साल बाद टेस्ट टीम में लौटा ये बल्लेबाज, अचानक मिला मौका

Nic Maddinson: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज के लिए एक बड़ा फैसला लिया है. ऑस्ट्रेलियाई टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाज निक मैडिंसन की सनसनीखेज वापसी हुई है.

निक मैडिंसन टेस्टिकुलर कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी को मात देकर इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मैडिंसन के साथ अनकैप्ड विकेटकीपर बल्लेबाज सैम हार्पर को टेस्ट स्क्वॉड में शामिल किया है.

10 साल बाद टेस्ट टीम में लौटे मैडिंसन

मैडिंसन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए साल 2016 में साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान के खिलाफ 3 टेस्ट मैच खेले थे. उसके बाद से वो टेस्ट टीम से बाहर चल रहे थे. फिर साल 2025 में टेस्टिकुलर कैंसर के इलाज और कीमोथेरेपी से गुजरने के बाद उन्होंने अब तक एक भी फर्स्ट क्लास मैच नहीं खेला है, इसके बावजूद उनके हालिया फॉर्म और अनुभव को देखते हुए सेलेक्टर्स ने उन पर भरोसा जताया है.

कीमोथेरेपी पूरी होने के बाद मैडिंसन ने 2025-26 सीजन में सिडनी थंडर के लिए बिग बैश लीग (BBL) और न्यू साउथ वेल्स की सेकेंड इलेवन के लिए मुकाबला खेला था, हालांकि वो शेफील्ड शील्ड में नहीं उतर पाए थे. पिछले ही महीने उन्हें न्यू साउथ वेल्स की शेफील्ड शील्ड टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था, जिसका नया सीजन अगले हफ्ते से शुरू होना है. वहीं, टेस्ट टीम में चुने जाने से ठीक पहले मैडिंसन ने वनडे कप में विक्टोरिया के खिलाफ 126 रनों की आतिशी शतकीय पारी खेलकर अपनी फिटनेस और फॉर्म साबित की थी.

सैम हार्पर को पहला कॉल-अप

अनकैप्ड विकेटकीपर बल्लेबाज सैम हार्पर को पहली बार नेशनल टेस्ट टीम में जगह दी गई है. हार्पर इस समय भारत में इंडिया ‘ए’ के खिलाफ अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज खेल रही ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ टीम का हिस्सा है. उन्होंने पुडुचेरी में खेले गए दूसरे चार दिवसीय मैच में शानदार शतक जमाया था. जिसके चलते हार्पर अब भारत से सीधे साउथ अफ्रीका के लिए उड़ान भरकर नेशनल टेस्ट टीम से जुड़ेंगे.

बता दें, ऑस्ट्रेलियाई खेमे में यह अचानक बदलाव चोटों के चलते करना पड़ा है. विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिस उंगली में फ्रैक्चर के कारण आधिकारिक तौर पर टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं. वहीं, ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन बुधवार को खेले गए आखिरी वनडे मैच के दौरान पेट की मांसपेशियों में खिंचाव का शिकार हो गए थे, जिसके चलते डरबन में होने वाले पहले टेस्ट मैच में उनके खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है.

Leave a Comment