Anvay Dravid Captain: भारत के महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को बड़ी जिम्मेदारी मिली है. अन्वय द्रविड़ को वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए कर्नाटक की टीम का कप्तान बनाया गया है.
यह एकदिवसीय (ODI) अंडर-19 टूर्नामेंट है, जो 8 से 16 अक्टूबर तक विशाखापत्तनम में खेला जाएगा. दाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ भारतीय अंडर-19 टीम की वनडे टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने हाल ही में राजकोट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय अंडर-19 की 3 मैचों की वनडे सीरीज में हिस्सा लिया था. इस सीरीज में अन्वय द्रविड़ ने 2 मैच खेले थे. इससे पहले उन्होंने इस साल जुलाई में श्रीलंका का भी दौरा किया था. अब वो विनू मांकड़ ट्रॉफी में अपनी कप्तानी का जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं.
अन्वय ने अंडर-19 में मचाया धमाल
17 साल के अन्वय द्रविड़ (Anvay Dravid) ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ राजकोट यूथ वनडे में खेला था. 18 सितंबर को खेले गए इस मुकाबले में अन्वय द्रविड़ ने 18 गेंदों पर 38 रनों की तूफानी पारी खेली थी, जिसमें उनके बल्ले से 2 चौके और 3 छक्के आए. इस मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम को 7 विकेट से हराया था. इसी मैच में पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अपना अंडर-19 डेब्यू किया था.
अन्वय द्रविड़ का प्रदर्शन
अन्वय द्रविड़ ने जुलाई में भारतीय अंडर-19 टीम के साथ श्रीलंका का दौरा किया था. इस दौरे पर अन्वय द्रविड़ ने दूसरे यूथ वनडे में भारतीय टीम को मुश्किल से उबारा था. जब भारतीय टीम ने 81 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे, तो अन्वय द्रविड़ ने 67 गेंदों में 87 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी. इसमें उनके बल्ले से 9 चौके और 1 छक्का आया था. उनके शानदार फॉर्म को देखते हुए ही उन्हें कर्नाटक अंडर-19 टीम का कप्तान बनाया गया है. यह टूर्नामेंट 8 से 16 अक्टूबर 2026 खेला जाएगा, जो विशाखापत्तनम में होगा.
वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए कर्नाटक की टीम
कर्नाटक की टीम: अन्वय द्रविड़ (कप्तान और विकेटकीपर), नितीश आर्य, ध्रुव कृष्णन, आर रोहित रेड्डी, आदर्श एसजे, सुजय कोरवार, वरुण पटेल (विकेटकीपर), अनिकेत रेड्डी, पी तेजस रेड्डी, समर्थ एम कुलकर्णी, वैभव सी, गौरव वेंकटेश, रतन बीआर, प्रीतम राज के, ध्यान एम हीरेमथ.