IND A vs AUS A: मैच बीच में छोड़कर कहां गया ये भारतीय खिलाड़ी? सामने आई बड़ी वजह

IND A vs AUS A: वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज के बीच भारतीय क्रिकेट टीम में अहम बदलाव हुआ है. गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा हैमस्ट्रिंग की चोट का शिकार हो गए थे, जिसके बाद सेलेक्टर्स ने उनका रिप्लेसमेंट चुन लिया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर सीनियर भारतीय टीम में शामिल कर लिया है.

अंशुल कंबोज ने मैच बीच में छोड़ा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंशुल कंबोज पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट मैच खेल रहे थे. यह मुकाबला 30 सितंबर से शुरू हुआ था और वो इंडिया A की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे. लेकिन नेशनल कॉल-अप आने के तुरंत बाद कंबोज ने मैच को बीच में ही छोड़ दिया और भारतीय टीम से जुड़ने के लिए रवाना हो गए. इंडिया A की प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह प्रफुल हिंगे को शामिल किया गया है.

पुडुचेरी टेस्ट में अंशुल कंबोज शानदार लय में नजर आ रहे थे. पहली पारी में कंबोज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 17.3 ओवर में सिर्फ 34 रन देकर 3 अहम विकेट अपने नाम किए थे. वहीं, दूसरी पारी में वो सिर्फ दो ओवर ही गेंदबाजी कर सके, क्योंकि इसके तुरंत बाद उन्हें सीनियर वनडे टीम से बुलावा आ गया और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा.

चंडीगढ़ में होगा सीरीज का आखिरी मुकाबला

भारतीय टीम तीन मैचों की इस वनडे सीरीज में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त बनाकर ट्रॉफी अपने नाम कर चुकी है. अब सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाना है. प्रसिद्ध कृष्णा की चोट और नमन धीर के ऐंठन से जूझने के बाद कंबोज के स्क्वॉड में शामिल होने से भारतीय तेज गेंदबाजी को एक नया और मजबूत विकल्प मिल गया है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या 3 अक्टूबर को कप्तान शुभमन गिल और टीम मैनेजमेंट कंबोज को प्लेइंग 11 में डेब्यू करने का मौका देते हैं या नहीं. बता दें, अंशुल कंबोज ने टीम इंडिया के लिए अभी तक 1 टेस्ट मैच खेला है, लेकिन वनडे फॉर्मेट में ये उनका पहला मौका साबित हो सकता है.

Leave a Comment