Kuldeep Yadav: 200 विकेट. कुलदीप यादव का बड़ा कारनामा, अनिल कुंबले को पछाड़ बने नंबर-1

वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में भारतीय चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव ने अपने नाम एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज कर ली. कुलदीप वनडे क्रिकेट में भारत के लिए सबसे तेज 200 विकेट लेने वाले स्पिनर बन गए हैं.

कुलदीप यादव ने वेस्टइंडीज की पारी के दौरान अपना दूसरा विकेट चटकाते ही यह मुकाम हासिल किया, जहां विंडीज के बल्लेबाज कीमो पॉल उनका 200वां वनडे शिकार बने. इस मैच में कुलदीप यादव ने 10 ओवर में 65 रन देकर 2 अहम विकेट झटके. कीमो पॉल के अलावा उन्होंने शतकवीर शाई होप को भी पवेलियन की राह दिखाई.

कुलदीप यादव ने महज 123 मैचों में 200 वनडे विकेट पूरे किए. इसके साथ ही उन्होंने भारत के महान लेग स्पिनर अनिल कुंबले का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 147 मैचों में यह आंकड़ा छुआ था. अगर सभी भारतीय गेंदबाजों की बात करें, तो वो इस लिस्ट में दूसरे सबसे तेज भारतीय हैं. इस मामले में वो सिर्फ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (103 मैच) से पीछे हैं.

गेंदों के पैमाने पर भी कुलदीप यादव ने ग्लोबल लेवल पर अपना दबदबा साबित किया है. वो गेंदों के हिसाब से वनडे में 200 विकेट तक पहुंचने वाले दुनिया के तीसरे सबसे तेज स्पिनर हैं. कुलदीप यादव ने 6319 गेंदों में 200 वनडे विकेट लिए हैं.

साल 2017 में भारत के लिए वनडे डेब्यू करने वाले कुलदीप यादव ने अब तक 123 मैचों की 120 पारियों में 26.76 की शानदार औसत से ठीक 200 विकेट अपने नाम कर लिए हैं. कुलदीप ने इस सीरीज के पहले मैच में भी 4 विकेट हासिल किए थे.

Leave a Comment