PAK vs ENG ODI Series: जोस बटलर पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर, रिप्लेसमेंट का ऐलान

इंग्लैंड को पाकिस्तान दौरे से पहले बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण आगामी वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. बटलर को पिछले हफ्ते हेडिंग्ले में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए वनडे मुकाबले के दौरान यह चोट लगी थी.
चोट के कारण उन्हें कुछ समय के लिए मैदान छोड़ना पड़ा था, हालांकि बाद में वह दोबारा बल्लेबाजी करने उतरे. इसके बावजूद वह पूरी तरह सहज नजर नहीं आए और इसके बाद ओवल में श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड की 223 रन की जीत में भी नहीं खेले.

इंग्लैंड के सीमित ओवरों के कोच ब्रेंडन मैक्कुलम ने पुष्टि की है कि बटलर पाकिस्तान नहीं जाएंगे. हालांकि, उनकी वापसी कब तक होगी, इसे लेकर अभी कोई तय समय नहीं बताया गया है. मैक्कुलम ने कहा; “जोस पाकिस्तान में नहीं होंगे. हम जानते हैं कि वह शानदार एथलीट हैं, पूरी तरह फिट रहने वाले और बेहद प्रोफेशनल खिलाड़ी हैं. वह जल्द से जल्द वापसी के लिए हर संभव कोशिश करेंगे, लेकिन यह कहना मुश्किल है कि इसमें कितना समय लगेगा.”

बटलर ने हाल ही में बनाया था बड़ा रिकॉर्ड
बटलर की चोट ऐसे समय आई है जब उन्होंने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ी उपलब्धि हासिल की थी. इसी महीने वह इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बने थे, जिन्होंने वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को मिलाकर 10 हजार रन पूरे किए. अब उनकी गैरमौजूदगी में इंग्लैंड को पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ होने वाली ट्राई सीरीज में बड़ा विकल्प तलाशना होगा. इंग्लैंड को पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ दो-दो मुकाबले खेलने हैं और इसके बाद फाइनल भी हो सकता है.

जॉर्डन कॉक्स को मिल सकता है बड़ा मौका
बटलर की चोट से जॉर्डन कॉक्स को विकेटकीपर के तौर पर खुद को साबित करने का एक और मौका मिल सकता है. कॉक्स ने 2024 के बाद पहली बार ओवल में श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड की वनडे टीम में वापसी की थी. उन्होंने मौके का फायदा उठाते हुए सिर्फ 52 गेंदों में 76 रन की तेज पारी खेली और टीम की जीत में अहम योगदान दिया. ऐसे में बटलर की गैरमौजूदगी में कॉक्स पर सभी की नजरें रहेंगी. मैक्कुलम ने कहा; “जोस का हमारे साथ नहीं होना निराशाजनक है, लेकिन इससे हमें यह देखने का अच्छा मौका मिलेगा कि हमारी टीम कहां खड़ी है.”

Leave a Comment