पाकिस्तान के फैंस को एक बहुत बड़ा झटका लगा है. रिपोर्ट्स हैं कि 3 अक्टूबर से यूएई में शुरू हो रही वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स टूर्नामेंट में पाकिस्तान की टीम हिस्सा नहीं ले पाएगी.
पाकिस्तान लीजेंड्स की टीम को बाहर कर दिया गया है. बड़ी बात ये है कि टूर्नामेंट के प्रोमो और पोस्टर्स में पाकिस्तान के खिलाड़ी शामिल थे लेकिन अब पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि पाकिस्तान की टीम को इस टूर्नामेंट में खेलने से रोक दिया गया है. पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के कारण पाकिस्तानी चैंपियन टीम को WCL 2026 से हटा दिया गया है.
WCL में नहीं होगा भारत-पाकिस्तान मैच
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स से पहले आ रही खबरों के मुताबिक, पीसीबी ने टीम को इस टूर्नामेंट में ‘पाकिस्तान’ नाम का इस्तेमाल करने से बैन कर दिया है. अब ये टीम इस टूर्नामेंट में ही नहीं खेल रही है. वैसे आधिकारिक शेड्यूल के मुताबिक पाकिस्तान को अपना पहला मैच 3 अक्टूबर को शारजाह में बांग्लादेश चैंपियंस के खिलाफ खेलना था और बाद में 10 अक्टूबर को दुबई में भारत के खिलाफ खेलना था. वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में अब भारत, ऑस्ट्रेलिया , बांग्लादेश, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीमें हिस्सा लेंगी.इन टीमों में संन्यास ले चुके पूर्व क्रिकेटर खेलते हैं.
भारत ने पाकिस्तान से खेलने से कर दिया था इनकार
बता दें पाकिस्तान के बाहर होने की बड़ी वजह भारतीय टीम के पिछले साल का फैसला माना जा रहा है. पिछले पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद हुए संघर्ष के बाद भारतीय चैंपियन टीम ने पाकिस्तानी चैंपियन के साथ खेलने से इनकार कर दिया था.हालांकि इसके बावजूद पाकिस्तान की टीम फाइनल में पहुंची थी और उसने टूर्नामेंट भी जीता था. अब पाकिस्तान की टीम ही बाहर हो गई है और ऐसे में भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में नजर आएगी. पहली बार ये टूर्नामेंट इंग्लैंड से बाहर होने जा रहा है.