रोहित शर्मा सिर्फ 1 मैच के बल्लेबाज रह गए? वर्ल्ड कप से साल भर पहले इसलिए उठा सवाल

अगले साल साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन होना है. इस वर्ल्ड कप में ठीक एक साल बचा है और उससे पहले भारत में एक बहस छिड़ी हुई है- क्या रोहित शर्मा उस टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया का हिस्सा होंगे?

फिलहाल तो BCCI उन्हें पूरी तरह सपोर्ट कर रही है लेकिन खुद रोहित का प्रदर्शन कई सवाल खड़े कर रहा है. खास तौर पर पिछले एक साल में उनकी बैटिंग का एक पैटर्न नजर आया है, जिसने ये सवाल खड़ा कर दिया है- क्या रोहित सिर्फ एक मैच के बल्लेबाज रह गए हैं?

इस सवाल की वजहें पिछले करीब एक साल में अलग-अलग वनडे सीरीज के आंकड़े हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच के बाद इन सवाल को और बल मिल गया है. तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले वनडे मैच में रोहित ने 35 गेंदों में 32 रन ही बनाए. उन्होंने शुरुआत दमदार की लेकिन कुछ बाउंड्री जड़ने के बाद वो बंध गए और आउट हो गए. इस तरह सीरीज का पहला मैच उनके लिए अच्छा नहीं रहा.

क्या कहते हैं रोहित शर्मा के आंकड़े?

मगर ये कोई पहली बार नहीं है और यही सवाल के साथ ही परेशानी की वजह बन गया है. असल में आंकड़े बता रहे हैं कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से रोहित शर्मा जितनी भी वनडे सीरीज का हिस्सा रहे हैं, उनके शुरुआती मुकाबलों में वो अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके हैं. यानि सीरीज के शुरुआती 2 मुकाबलों में उनका बल्ला नहीं चलता है लेकिन आखिरी मैच में वो जमकर रन बनाते हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच में भी ये दिखा.

क्रिकबज के मुताबिक, आंकड़े बताते हैं कि पिछले डेढ़ साल में कई वनडे सीरीज के शुरुआती 2 मैचों को मिलाकर रोहित ने कुल 11 पारियों में बैटिंग की है. इन 11 पारियों में वो सिर्फ 335 रन बना सके हैं. उनका औसत 30.4 का रहा है और सिर्फ 2 अर्धशतक वो जमा सके हैं. इसके उलट सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच वाली 5 पारियों में उन्होंने 106 के हैरतअंगेज औसत से 424 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक, 2 अर्धशतक शामिल हैं.

पहले ही मचा हुआ है रोहित पर बवाल

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के शुरुआती 2 मैच में रोहित फेल हुए थे और आखिरी में शतक जमाया था. उनका ये शतक तब आया था, जब दूसरे वनडे के बाद रोहित को टीम से बाहर करने की एक रिपोर्ट मीडिया में आई थी. इस पर काफी बवाल मचा था और यहां तक कि BCCI सचिव देवजित सैकिया को सफाई देनी पड़ी थी कि हिटमैन टीम का हिस्सा रहेंगे. इसके बाद से ही रिपोर्ट आई थीं कि चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर इससे नाखुश थे और इसलिए उन्होंने अपना कार्यकाल आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया.

Leave a Comment