ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में दक्षिण अफ्रीका की जीत जितनी उसके बल्लेबाजों और गेंदबाजों के प्रदर्शन के लिए याद रखी जाएगी, उतनी ही एक मैदान के अंदर हुई बातचीत के लिए भी चर्चा में आ गई।
मुकाबले के दौरान कप्तान टेम्बा बावुमा और विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक के बीच तीखी बातचीत कैमरे में कैद हुई, जिसका वीडियो अब काफी वायरल हो गया है।
मैच के 48वें ओवर में जेवियर बार्टलेट के खिलाफ DRS लेने के फैसले के दौरान बावुमा और डी कॉक के बीच कुछ ऐसा हुआ, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। रिव्यू लेने के बाद बावुमा ने डी कॉक की तरफ देखा और उनसे कुछ तीखे अंदाज में बात की। डी कॉक भी इससे खुश नजर नहीं आए और उन्होंने अपनी तरफ से जवाब दिया। दोनों के बीच बातचीत कुछ देर तक चलती रही।
डी कॉक को कप्तान पर काफी गुस्सा आ गया था। पास खड़े डेविड मिलर और मार्को यानसन इस पूरे वाकये को देखकर अपनी मुस्कान नहीं रोक सके। मैदान पर हुई यह छोटी सी नोकझोंक कैमरों में रिकॉर्ड हो गई और बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया।
मिलर ने मां के नाम वाली जर्सी पहनकर खेली बड़ी पारी
इस मुकाबले का एक भावनात्मक पहलू भी था। मैच ‘पिंक डे’ के तौर पर खेला गया, जिसका मकसद कैंसर के इलाज और रिसर्च के लिए फंड जुटाना है। डेविड मिलर ने इस मौके पर अपनी मां जेनी का नाम जर्सी के पीछे लिखवाया था। उनकी मां ब्रेस्ट कैंसर से जंग जीत चुकी हैं। ऐसे खास मौके पर मिलर की 142 रन की पारी ने इस दिन को उनके लिए और भी यादगार बना दिया।
दक्षिण अफ्रीका ने रिकॉर्ड रखा बरकरार
दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 365 रन बनाए, डेविड मिलर के अलावा कप्तान बवुमा के बल्ले से भी शतकीय पारी देखने को मिली। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम लक्ष्य के दबाव में आखिरी ओवर में 333 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह दक्षिण अफ्रीका ने मुकाबला 32 रन से जीतकर द्विपक्षीय वनडे सीरीज में अपना दबदबा बरकरार रखा। 2014 के बाद से दोनों टीमों के बीच खेली गई ऐसी सभी छह सीरीज दक्षिण अफ्रीका के नाम रही हैं।