स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। तिरुवनंतपुरम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले पहले वनडे मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली कई रिकॉर्ड्स अपने नाम करने का मौका है। वेस्टइंडीज के खिलाफ रोहित और विराट दोनों का रिकॉर्ड शानदार रहा है।
रोहित के नाम वेस्टइंडीज के खिलाफ किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ 37 वनडे मैचों और 35 पारियों में रोहित ने 57.60 की औसत से 1,613 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं। उनका बेस्ट स्कोर 162 रहा है। वहीं, विराट ने 43 मैचों और 41 पारियों में 66.50 की औसत से 2,261 रन बनाए हैं, जिसमें 9 शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं।
59 रन दूर विराट
सचिन तेंदुलकर (18,426 रन) के बाद भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विराट, 15000 वनडे रन पूरे करने वाले दूसरे खिलाड़ी बनने से सिर्फ 59 रन दूर हैं। उन्होंने 314 मैचों और 302 पारियों में 58.59 की औसत से 14,941 रन बनाए हैं, जिसमें 54 शतक और 79 अर्धशतक शामिल हैं। उनका बेस्ट स्कोर 183 रहा है। इस सीरीज के दौरान वह इस माइलस्टोन तक पहुंचने वाले सबसे तेज खिलाड़ी भी बन सकते हैं।
100 शतकों के बहुप्रतीक्षित आंकड़े तक पहुंचने का काउंटडाउन विराट और उनके फैंस के लिए जारी रहेगा। 37 वर्षीय विराट अभी 85 शतकों पर हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ 41 पारियों में 9 शतक लगाने के बाद, एक या दो शतक या हैट्रिक की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। एक और शानदार दौर शुरू करने के लिए तिरुवनंतपुरम से बेहतर जगह क्या हो सकती है, जहां विराट अब तक आउट नहीं हुए हैं।
तिरुवनंतपुरम में खेले गए दो वनडे मैचों में विराट ने बिना आउट हुए 199 रन बनाए हैं। इसमें जनवरी 2023 में श्रीलंका के खिलाफ 110 गेंद में नाबाद 166 रनों की धमाकेदार पारी भी शामिल है। इस पारी में उन्होंने 85 गेंद में शतक पूरा करने के बाद 110 गेंद में नाबाद 166 रन बनाए, जो वनडे क्रिकेट में तेजी से रन बनाने और पारी को आगे बढ़ाने का एक बेहतरीन उदाहरण था।
लिस्ट-ए क्रिकेट में 60 शतक का रिकॉर्ड
उन्हें सचिन के 60 लिस्ट-ए शतकों के ऑल-टाइम रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए दो और शतकों की जरूरत है। अभी उनके नाम इस फॉर्मेट में 59 शतक हैं। यह 50-ओवर के फॉर्मेट में एक बल्लेबाज के तौर पर विराट की विरासत के लिए बहुत बड़ी बात होगी। क्योंकि उन्होंने राज्य से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक इस फॉर्मेट में दबदबा बनाए रखा है। फिलहाल घरेलू मैदानों पर 41 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले विराट, सचिन के घरेलू मैदानों पर 42 शतकों के ऑल-टाइम रिकॉर्ड को तोड़ने से सिर्फ दो शतक दूर हैं।
सचिन का एक तीसरा रिकॉर्ड भी है जिसे विराट तोड़ सकते हैं। घरेलू परिस्थितियों में किसी बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा वनडे रन। सचिन ने 164 मैचों में 6,976 रन बनाए हैं, जबकि विराट ने 130 मैचों और 127 पारियों में 62.42 की औसत से 6,867 रन बनाए हैं, जिसमें 27 शतक और 36 अर्धशतक शामिल हैं। इस साल छह पारियों में विराट ने 64.00 की औसत और 106 से ज़्यादा के स्ट्राइक रेट से 384 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं।
12 हजार से 105 रन दूर
दूसरी ओर, रोहित वनडे में 12,000 रनों का आंकड़ा छूने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बनने से सिर्फ 105 रन दूर हैं। उनसे आगे विराट कोहली (14,941 रन) और सचिन तेंदुलकर (18,426 रन) हैं। अब तक 288 वनडे मैचों और 280 पारियों में, रोहित ने 48.95 की औसत से 11,895 रन बनाए हैं। इसमें 34 शतक और 62 छक्के शामिल हैं और उनका बेस्ट स्कोर 264 रन रहा है।
बन सकते हैं दूसरे भारतीय ओपनर
ओपनिंग बैटर रोहित एक बड़े माइलस्टोन के करीब हैं। वह वनडे में ओपनर के तौर पर 10,000 रन पूरे करने वाले चौथे ओपनर (सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे भारतीय) बनने से सिर्फ 135 रन दूर हैं। अभी तक उन्होंने 201 मैचों और 199 पारियों में 54.5 की औसत से 9,865 रन बनाए हैं, जिसमें 32 शतक और 49 अर्धशतक शामिल हैं। शुरुआती सालों में मिडिल-ऑर्डर में संघर्ष के बाद यह नया रिकॉर्ड रोहित की एक महान ओपनर के तौर पर पहचान को और मजबूत करेगा।
सचिन 344 मैचों और 340 पारियों में 48.29 की औसत से 15,310 रन बनाकर टॉप पर हैं। उनके नाम 45 शतक और 72 अर्धशतक हैं, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 200 रन है। इस साल 9 वनडे मैचों में, रोहित ने 42.11 की औसत और 99.21 के स्ट्राइक रेट से 379 रन बनाए हैं। 9 पारियों में उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया है। उनकी पिछली पारी लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ 138 रनों की थी।