2027 वनडे वर्ल्ड कप के नजरिए से भारतीय टीम के लिए अगली हर एक सीरीज महत्वपूर्ण होगी. भारत और वेस्टइंडीज की 3 मैचों की ODI सीरीज 27 सितंबर से शुरू हो रही है. उससे पहले टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल का कहना है कि वर्ल्ड कप की तैयारियां शुरू हो चुकी है और उन्होंने कहा कि गेंदबाजों को गेमटाइम देना बहुत जरूरी है.
तीन मैचों की सीरीज रविवार से शुरू हो रही है. पहला मैच तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने कहा कि गेंदबाजों को गेम टाइम देना सबसे जरूरी है. वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड के तेज गेंदबाजी अटैक पर नजर डालें तो उसमें प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, गुरनूर बराड़ और आकिब नबी को शामिल किया गया है.
बताया मास्टरप्लान
मोर्ने मोर्केल ने कहा, “अगर आप पिछले साल को देखेंगे तो हम उन्हें ज्यादा गेम टाइम देकर यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि वे अलग परिस्थितियों में कैसा करते हैं. इस सीरीज (वेस्टइंडीज) में भी ऐसा ही होगा और हमने न्यूजीलैंड सीरीज पर भी नजर बनाई हुई है.”
मोर्केल ने स्पष्ट तौर पर कहा कि गेंदबाजों के हाथ में बॉल थमाना बहुत जरूरी है. खिलाड़ियों को उस स्तर का अंदाजा मिलना बहुत जरूरी है, जिसपर टीम इंडिया खेलना चाहती है. 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए पिछले एक साल में मैनेजमेंट कई नए खिलाड़ियों पर प्रयोग करता रहा है.
नीतीश रेड्डी पर बोले
टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच ने नीतीश कुमार रेड्डी की भी तारीफ की. नीतीश, जिन्हें हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में भारत की व्हाइट बॉल टीमों में लगातार मौका मिल रहा है. मोर्केल ने कहा कि नीतीश एक बेहद टैलेंटेड खिलाड़ी हैं.
मोर्केल ने कहा, “जहां तक बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग की बात है, नीतीश बेहद प्रतिभावान खिलाड़ी हैं. वो ऐसे खिलाड़ी हैं, जो मौके बनाने में विश्वास रखते हैं और ऐसी मानसिकता होना अच्छा है. मगर हम जिस रोल में उन्हें खिलाना चाहते हैं, उसके लिए निरंतरता बहुत जरूरी है.”