Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में ओमान और हांगकांग, चीन के बीच खेले गए क्रिकेट मुकाबले में एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला. ओमान की प्लेइंग इलेवन में 7 खिलाड़ियों का सरनेम ‘अल बलूशी’ था, जिसे देखकर क्रिकेट फैंस भी हैरान रह गए.
हालांकि, इस अनोखे संयोग के बावजूद ओमान की टीम मुकाबला जीतने में सफल नहीं हो सकी और उसे 41 रन से हार का सामना करना पड़ा.
ओमान की प्लेइंग इलेवन में 7 ‘अल बलूशी’
ओमान की प्लेइंग इलेवन में मोहम्मद अल बलूशी, शुऐब अल बलूशी, जुबैर अल बलूशी, वहीद अल बलूशी, ईसा अल बलूशी, नावेद अल बलूशी और फारिस अल बलूशी शामिल थे. यानी टीम के 11 खिलाड़ियों में से 7 का सरनेम ‘अल बलूशी’ था. इतना ही नहीं, ओमान के पूरे एशियन गेम्स स्क्वॉड में इस सरनेम वाले 9 खिलाड़ी मौजूद हैं. वसीम अल बलूशी और कैस अल बलूशी भी टीम का हिस्सा हैं.
सभी खिलाड़ियों की रही अलग-अलग भूमिका
हालांकि सभी खिलाड़ियों का सरनेम एक था, लेकिन टीम में उनकी भूमिकाएं अलग-अलग थीं. मोहम्मद, शुऐब, जुबैर और वहीद अल बलूशी ने टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी की. इनमें शुऐब अल बलूशी ने सबसे ज्यादा 20 रन बनाए, जबकि मोहम्मद ने 2, जुबैर ने खाता नहीं खोला और वहीद सिर्फ 1 रन बना सके. वहीं, ईसा अल बलूशी ने नंबर-7 पर बल्लेबाजी करते हुए 7 रन का योगदान दिया. गेंदबाजी में भी अल बलूशी खिलाड़ियों का योगदान देखने को मिला. मोहम्मद अल बलूशी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 17 रन देकर 3 विकेट झटके और ओमान की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रहे.
हांगकांग, चीन ने 41 रन से दर्ज की जीत
मुकाबले में हांगकांग, चीन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 121 रन बनाए. जवाब में ओमान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 80 रन ही बना सकी. इस तरह हांगकांग, चीन ने मुकाबला 41 रन से अपने नाम कर लिया. हालांकि हार के बावजूद मोहम्मद अल बलूशी का प्रदर्शन ओमान के लिए सकारात्मक रहा. अब टीम की नजर अपने अगले मुकाबले पर होगी, जहां उसका सामना 26 सितंबर को मलेशिया से होगा.