श्रीलंका से हारी इंग्लैंड, लेकिन जोस बटलर ने रच दिया इतिहास; ऐसा करने वाले बने पहले इंग्लिश बल्लेबाज

इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से नया इतिहास रच दिया. लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेले गए मुकाबले में बटलर ने महज 49 गेंदों में 69 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे.

इस पारी के दौरान उन्होंने सीमित ओवरों की क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे कर लिए और इंग्लैंड के लिए वनडे व टी20 इंटरनेशनल मिलाकर यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए.

वनडे और टी20 में बटलर के 10 हजार रन पूरे

बटलर ने इंग्लैंड के लिए अब तक 204 वनडे मैचों में 39.16 की औसत से 5678 रन बनाए हैं. वहीं 163 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में उनके नाम 34.79 की औसत से 4384 रन दर्ज हैं. दोनों फॉर्मेट के आंकड़ों को जोड़ने पर बटलर के खाते में 10 हजार से ज्यादा रन हो गए हैं. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने इंग्लैंड के सीमित ओवरों के क्रिकेट में एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

वनडे में भी बटलर का खास मुकाम

इंग्लैंड के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी बटलर तीसरे स्थान पर हैं. इस सूची में जो रूट 7885 रन के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन 6957 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं. बटलर के नाम अब 5678 रन दर्ज हैं और वह लगातार इंग्लैंड के प्रमुख वनडे बल्लेबाजों में अपनी जगह बनाए हुए हैं.

बटलर की पारी के बावजूद हारा इंग्लैंड

बटलर की आक्रामक पारी इंग्लैंड को जीत नहीं दिला सकी. श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट पर 321 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 37 ओवर में 4 विकेट पर 251 रन बना लिए थे और मुकाबला उसके पक्ष में जाता दिख रहा था. हालांकि, आखिरी ओवरों में श्रीलंकाई गेंदबाजों ने शानदार वापसी की और इंग्लैंड की पारी 50 ओवर में 305 रन पर रोक दी. इस तरह श्रीलंका ने मुकाबला 16 रन से अपने नाम किया.

Leave a Comment