वनडे में विराट कोहली से तगड़ी औसत वाला बल्लेबाज, फिर ठोका गजब का शतक, स्टार्क और हेजलवुड को भी धो दिया

ई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्जके ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक यादगार शतक जड़ा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका टीम की शुरुआत खास नहीं रही और टीम ने 29 रन पर ही अपने 2 शुरुआती विकेट गंवा दिए थे।

इसके बाद क्रीज पर आए ब्रीट्जके ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाला और 106 गेंदों में 14 चौकों व 2 छक्कों की मदद से 112 रनों की बेहतरीन पारी खेली।

यानसेन की भी तगड़ी पारी

मुश्किल समय में बल्लेबाजी करने उतरे ब्रीट्जके ने कप्तान तेम्बा बावुमा (30) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 54 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। बावुमा के आउट होने के बाद उन्होंने निचले क्रम में मार्को यानसेन के साथ भी बेहतरीन तालमेल दिखाया। यानसेन ने आक्रामक रुख अपनाते हुए महज 59 गेंदों में 7 चौकों और 4 छक्कों के साथ 75 रन बनाए। दोनों के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 297 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

शानदार है ब्रीट्जके का करियर

यह ब्रीट्जके के वनडे अंतरराष्ट्रीय करियर का कुल दूसरा शतक साबित हुआ। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ उनके बल्ले से निकलने वाली यह पहली शतकीय और कुल तीसरी 50+ रनों की पारी रही। ब्रीट्जके ने अपना पहला वनडे मुकाबला फरवरी 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। अपने छोटे से वनडे करियर में उन्होंने अब तक 15 मैचों की 14 पारियों में लगभग 60 की शानदार औसत से 800 से अधिक रन बना लिए हैं, जिसमें 2 शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 150 रन रहा है। वह दक्षिण अफ्रीका के लिए 2 टेस्ट और 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेल चुके हैं।

स्टार्क और हेजलवुड को पड़ी मार

दूसरी तरफ, ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के लिए यह पारी काफी चुनौतीपूर्ण साबित हुई। ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड भी दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को ज्यादा दबाव में नहीं रख सके और दोनों को ही खूब रन पड़े। मिचेल स्टार्क ने अपने 10 ओवर के स्पेल में बिना कोई सफलता हासिल किए 60 रन लुटाए। वहीं, जोश हेजलवुड को 10 ओवर में 50 रन देकर सिर्फ 1 सफलता हाथ लगी।

ऑस्ट्रेलिया को 298 का टारगेट

ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे सफल गेंदबाज नाथन एलिस रहे, जिन्होंने अपने 10 ओवर में 57 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। एडम जम्पा ने 7 ओवर में 50 रन देकर 2 सफलताएं प्राप्त कीं, जबकि जैक एडवर्ड्स ने 10 ओवर में 56 रन दिए लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। गेंदबाजों के इस महंगे स्पेल की वजह से दक्षिण अफ्रीकी टीम ऑस्ट्रेलिया के सामने 298 रनों का एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखने में सफल रही।

Leave a Comment