पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया तहस-नहस, टीम इंडिया ने दिखाया दम

पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच में इंडिया ए ने दमदार बढ़त हासिल कर ली है. मैच के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ए की पहली पारी 171 रनों पर सिमट गई थी, जिससे भारतीय टीम को 163 रनों की विशालकाय बढ़त हासिल हुई थी.

यह मैच पुडुचेरी में खेला जा रहा है. इस 4 दिवसीय मैच की पहली पारी में इंडिया ए के लिए कुमार कुशाग्र ने 113 रनों की शतकीय पारी खेली थी, जबकि साई सुदर्शन ने अर्धशतक लगाया था.

तीसरे दिन पहले सेशन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने दूसरी पारी में केवल एक विकेट के नुकसान पर 93 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 256 रनों की हो गई है. इंडिया ए बनाम ऑस्ट्रेलिया ए पहला अनऑफिशियल टेस्ट 22 सितंबर से शुरू हुआ था और आज इसका तीसरा दिन है. यह मुकाबला 25 सितंबर तक चलेगा. तीसरे दिन भी टीम इंडिया ने दमदार शुरुआत की है.

टीम इंडिया का दबदबा

भारतीय टीम ने पहली पारी में कुमार कुशाग्र के शतक, साई सुदर्शन और तनुष कोटियां की अर्धशतकीय पारी के दम पर 334 रन बना लिए थे. जब ऑस्ट्रेलिया ए की टीम बल्लेबाजी करने आई तो शम्स मुलानी ने 4 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई बैटिंग को तहस-नहस कर दिया. वहीं तुषार देशपांडे और तनुष कोटियां ने दो-दो विकेट लिए. इस तरह ऑस्ट्रेलिया टीम की पहली पारी 171 रनों पर सिमट गई और टीम इंडिया को 163 रनों की बढ़त मिली.

पडिक्कल-सुदर्शन ने दिखाया दम

दूसरी पारी में साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल ने फिर से दम दिखाया है. तीसरे दिन लंच तक देवदत्त पडिक्कल अर्धशतक की तरफ बढ़ रहे हैं. सै सुदर्शन ने दूसरी पारी में 39 रन बनाए. भारतीय टीम की कुल बढ़त 250 रनों से पार हो चुकी है. बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ए टीम भारत दौरे पर है. दोनों टीमों के बीच दो अनऑफिशियल टेस्ट मैच और उसके बाद तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी.

Leave a Comment