इंटरनेट डेस्क। इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट के छोटे भाई बिली रूट ने 34 साल की उम्र में पेशेवर क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 14 साल के करियर के बाद बिली ने कहा कि अब जिंदगी के अगले अध्याय की ओर बढ़ने का समय आ गया है।
वह ग्लैमॉर्गन के उन तीन बल्लेबाजों में शामिल हैं, जिनका पेशेवर क्रिकेट करियर इस सप्ताह समाप्त हो जाएगा।
बिली रूट का अंतिम सीजन ज्यादा व्यस्त नहीं रहा। उन्होंने इस साल केवल दो काउंटी चैंपियनशिप मुकाबले खेले और ग्लैमॉर्गन की सेकेंड इलेवन टीम की कप्तानी भी की। क्लब ने 2026 सीजन के बाद उनके पेशेवर क्रिकेट से संन्यास की पुष्टि की है। इसके साथ ही सोफिया गार्डन्स में उनका आठ साल का सफर भी खत्म हो जाएगा।
अपने संन्यास की घोषणा करते हुए बिली रूट ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- दो शानदार क्लबों का प्रतिनिधित्व करना और चार ट्रॉफी जीतने वाली टीमों का हिस्सा बनना उनके लिए बहुत बड़ा सम्मान रहा है। वह खुद को बेहद भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें उस खेल को करियर बनाने का मौका मिला, जिसे बचपन से प्यार करते आए हैं। उन्होंने आगे कहा कि पिछले 14 सालों में काफी उतार-चढ़ाव आए, लेकिन वह कुछ भी नहीं बदलना चाहेंगे।