नई दिल्ली, 24 सितंबर (आईएएनएस)। टी20 लीग की दुनिया में एक और लीग ने अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है। यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) ने यूरोप के क्रिकेट फैंस का ध्यान अपनी तरफ खींचा और जल्द ही विश्व क्रिकेट का ध्यान अपनी तरफ खींचने की संभावना जगाई है।
ईटीपीएल का पहला संस्करण 26 अगस्त से 20 सितंबर तक खेला गया। एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स ने बेलफास्ट वॉल्व्स को हराकर खिताब जीता।
ईटीपीएल का पहला सीजन एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स की जीत के साथ ही फाफ डू प्लेसिस, जेम्स विंस और फाइफर लेने वाले गेंदबाजों के कारण याद किया जाएगा।
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान, 42 साल के फाफ डू प्लेसिस लीग क्रिकेट का जाना-माना नाम हैं। ईटीपीएल में भी फाफ ने अपना रंग जमाया और पहले संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। फाफ ने 10 पारियों में 56.13 के औसत और 139.44 के स्ट्राइक रेट से 449 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीता।
जेम्स विंस लीग में पहला शतक बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनका शतक सीजन का एकमात्र शतक रहा। डबलिन गार्डियंस के जेम्स विंस ने ईटीपीएल 2026 का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया। उन्होंने आखिरी लीग मैच में रॉटरडैम डॉकर्स के खिलाफ 61 गेंदों पर नाबाद 106 रन की पारी खेली थी।
टी20 लीग क्रिकेट को बल्लेबाजों के अनुकूल माना जाता है, लेकिन ईटीपीएल में बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों का भी दबदबा दिखा। पूरे सीजन के दौरान 5 गेंदबाजों ने एक पारी में 5 विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नोर्त्जे ने बेलफास्ट वॉल्व्स के खिलाफ रॉटरडैम डॉकर्स के लिए 11 रन देकर 5 विकेट लिए। ऑफ-स्पिनर माइकल ब्रेसवेल ने एम्स्टर्डम फ्लेम्स के लिए 12 रन देकर 5 विकेट लिए। मिचेल सेंटनर ने एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स के लिए 16 रन देकर 5 विकेट, क्रेग यंग ने डबलिन गार्डियंस के लिए 21 रन देकर 5 विकेट और ट्रेंट बोल्ट ने एडिनबर्ग के लिए 24 रन देकर 5 विकेट लिए। ब्रेसवेल 19 विकेट लेकर नोर्त्जे के साथ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे।