Sri Lanka squad for Asian Games 2026: श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने जापान में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2026 के लिए पुरुष क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। श्रीलंकाई टीम की कमान सहन अराचिगे के हाथों में है।
15 सदस्यीय टीम में अनुभव और प्रतिभा दोनों का ध्यान रखा गया है और नए-पुराने सभी तरह के खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया है।
एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का टूर्नामेंट समाप्त हो चुका है, जिसमें भारत ने गोल्ड मेडल जीता है। पुरुष क्रिकेट की शुरुआत 24 सितंबर से होगी, जो 3 अक्टूबर तक चलेगी। 24 सितंबर को ही श्रीलंका की पुरुष क्रिकटे टीम जापान के लिए रवाना होगी। एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट के सभी मुकाबले आइची प्रीफेक्चर के निस्शिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे।
एशियन गेम्स के लिए श्रीलंका द्वारा चुनी गई टीम में कई खिलाड़ी ऐसे हैं, जो अपनी जगह पक्की करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। इस टीम में ऑलराउंडर चमिका करुणारत्ने और तेज गेंदबाज नुवान तुषारा के अलावा बल्लेबाजी विकल्प के रूप में एशेन बंडारा और सोहन डी लिवेरा शामिल हैं। लेग स्पिनर विजयकांत वियासकांथ टीम के गेंदबाजी आक्रमण में विशेषज्ञ स्पिन का विकल्प प्रदान करते हैं।
एशिनय गेम्स के लिए श्रीलंका की पूरी पुरुष टीम इस प्रकार है
लासिथ क्रूजपुल्ले, निरोशन डिकवेला (विकेट-कीपर), सिनेथ जयवर्धने, नुवानिदु फर्नांडो, सहन अराचिगे (कप्तान), सोहन डी लिवेरा, एशेन बंडारा, चमिका करुणारत्ने, थारिंदू रत्नायके, वानुजा सहन, विजयकांत व्यासकांथ, दुशान हेमंथा, नुवान तुषारा, बिनुरा फर्नांडो और गरुका संकेत।
सीधे क्वार्टरफाइनल में उतरेंगी ये टीमें, श्रीलंका की नजर गोल्ड पर
बता दें कि एशियन गेम्स 2026 में मेंस क्रिकेट में भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के अलावा श्रीलंकाई क्रिकेट टीम भी सीधे क्वार्टर फाइनल में उतरेगी। श्रीलंका की टीम अपने अभियान की शुरुआत 29 सितंबर से करेगी। क्रिकेट को 2010 में पहली बार एशियन गेम्स में शामिल किया गया था। इसके बाद से तीन बार क्रिकेट एशियाई खेलों में शामिल रहा है। इसमें श्रीलंका का रिकॉर्ड ना बहुत अच्छा है और ना ही बहुत खराब दिखाई देता है। टीम ने 2010 में ग्वांगझू में हुए पहले संस्करण में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद 2014 में इंचियोन में अफगानिस्तान को फाइनल में हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हालांकि, 2023 में हांगझू में हुए खेलों में श्रीलंका बिना किसी पदक के लौटा। उस संस्करण में भारत ने स्वर्ण, अफगानिस्तान ने रजत और बांग्लादेश ने कांस्य पदक जीता था। ऐसे में इस बार श्रीलंका की टीम की नजरें स्वर्ण पदक जीतने पर होंगी। साथ ही भारत समेत तमाम एशियाई टीमों के सामने अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा पाने की चाहते पड़ोसी मुल्क की होगी।