भारतीय क्रिकेट में एक बार फिर फिक्सिंग का भूत लौट आया है. एक खोजी रिपोर्ट में दावा किया गया है कि IPL 2025 सीजन और दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में स्पॉट फिक्सिंग के प्रयास किए गए हैं.
इस रिपोर्ट में दोनों लीग में खेलने वाले एक खिलाड़ी को सट्टेबाजी में शामिल होने का दावा किया गया है. इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर दिल्ली के युवा बल्लेबाज वंश बेदी के नाम की चर्चा होने लगी है, जो चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रह चुके हैं. इस खिलाड़ी ने अब इन आरोपों को गलत बताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही है.
स्टिंग ऑपरेशन में सनसनीखेज दावा
तहलका मैग्जीन ने हाल ही में के मामलों पर एक रिपोर्ट प्रकाशित की है. इस खोजी रिपोर्ट में दिल्ली के पूर्व क्रिकेटर रचित भाटिया का स्टिंग ऑपरेशन किया गया है, जिसने दावा किया है कि उसने IPL 2025 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के कुछ मुकाबलों की सटीक प्लेइंग-11 मैच से पहले ही सट्टेबाजों को भेजी और इसके बदले मोटी रकम हासिल की. इसके साथ ही ऐसी ही हरकतों को DPL में भी अंजाम देने का दावा किया.
इस रिपोर्ट में भाटिया ने दावा किया कि पिछले सीजन में CSK का हिस्सा रहे दिल्ली के एक युवा क्रिकेटर ने ही तब उसे ये जानकारी दी थी और इसी खिलाड़ी ने DPL 2026 सीजन में भी सेंट्रल दिल्ली किंग्स की प्लेइंग-11 की जानकारी उसे दी. इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद से ही चर्चा होने लगी कि आखिर ये क्रिकेटर कौन है? सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने दिल्ली के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज वंश बेदी पर ये आरोप मढ़े, जो IPL 2025 में चेन्नई का हिस्सा थे, जबकि DPL 2026 में वो सेंट्रल दिल्ली किंग्स के लिए खेल रहे थे.
सफाई में क्या बोले वंश बेदी?
इस रिपोर्ट और सोशल मीडिया में खुद पर लग रहे आरोपों के चलते वंश बेदी ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी इन आरोपों को गलत बताया है और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है. 22 सितंबर को अपने बयान में 23 साल के बेदी ने कहा, “मैं ये साफ करना चाहता हूं कि तहलका के स्टिंग ऑपरेशन में पूर्व रणजी ट्रॉफी क्रिकेटर रचित भाटिया ने CSK के जिस खिलाड़ी का जिक्र कथित मैच फिक्सिंग को लेकर किया है, वो मैं नहीं हूं और न ही मैं कभी ऐसी किसी गतिविधि में शामिल रहा हूं.”
बेदी ने इन आरोपों को मानहानि करार देते हुए कानूनी विकल्प की बात कही. युवा क्रिकेटर ने लिखा, “ऐसे किस भी आरोप को झूठे तरीके से मुझसे जोड़ना अपमानजनक है. मेरी कानूनी टीम इसके जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सिविल और आपराधिक कार्रवाई कर रही है. मैं सबसे निवेदन करता हूं कि वो ऐसी झूठी और अपमानजनक चीजें शेयर करने से बचें.”