ब्रायडन कार्स को पुलिस से मिली राहत, मारपीट का केस बंद, लेकिन ECB की जांच जारी

Brydon Carse: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स को बड़ी राहत मिली है. डर्बीशर में कथित मारपीट और नशे में उपद्रव करने के आरोप में चर्चा में ब्रायडन कार्स को स्थानीय पुलिस ने क्लीन चिट दे दी है.

डर्बीशर पुलिस ने पुष्टि की कि कार्स के खिलाफ चल रही जांच को पूरी तरह बंद कर दिया गया है और उन पर कोई आपराधिक आरोप तय नहीं किए गए हैं. पुलिस के बयान के मुताबिक, 23 अगस्त की सुबह डर्बी सिटी सेंटर स्थित नाइटक्लब के बाहर कथित हमले की शिकायत की जांच के बाद, पीड़ित पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज न कराने का फैसला लिया, जिसके चलते मामले में आगे कोई कार्रवाई नहीं की गई.

हथकड़ी वाला वीडियो हुआ था वायरल

यह घटना काउंटी चैंपियनशिप में डर्बीशर के खिलाफ डरहम की जीत के बाद जश्न के दौरान घटी थी. कार्स को देर रात नाइटक्लब के बाहर पुलिस की ओर से हिरासत में लेने और हथकड़ी लगाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया था. पुलिस ने उन्हें नशे में धुत होने और शांति भंग के संदेह में पकड़ा था, लेकिन आवश्यक जानकारी दर्ज करने के तुरंत बाद उन्हें छोड़ दिया गया था.

इस घटना के सामने आने के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने कड़ा रुख अपनाते हुए कार्स को पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी दो टेस्ट मैचों की टीम से तुरंत बाहर कर दिया था. इसके अलावा, मौजूदा समय में श्रीलंका के खिलाफ चल रही व्हाइट-बॉल की घरेलू सीरीज से भी उन्हें सेलेक्शन के लिए नजरअंदाज कर दिया गया.

ब्रायडन कार्स को क्या झेलनी पड़ेगी सजा?

पुलिस से राहत मिलने के बाद भी कार्स की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं, क्योंकि इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड अब इस मामले में जांच कर सकता है. इस समर सीजन में बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन से जुड़े इसी तरह के घटनाक्रम के बाद से ईसीबी काफी सख्त हो गया है. हालांकि कार्स इस विवाद के बाद काउंटी में डरहम के लिए एक मैच खेल चुके हैं, लेकिन इंग्लैंड की नेशनल टीम में उनकी वापसी बोर्ड की जांच रिपोर्ट और उसके बाद लिए जाने वाले फैसले पर ही टिकी है.

Leave a Comment