रिजवान ने खटखटाया लाहौर हाई कोर्ट का दरवाजा, NCCIA की जांच से जुड़ा है मामला

पाकिस्तान के विकेटकीपर बैटर मोहम्मद रिजवान गंभीर आरोपों के घेरे में हैं. नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) ने हाल ही में उनसे और इमाम उल हक से घंटों पूछताछ की. उन पर हाल ही में खत्म हुई इंग्लैंड सीरीज के दौरान ड्रेसिंग रूम की बातें लीक करने का आरोप है.

इसके बाद, 15 सितंबर तक जवाब सौंपने के लिए एक क्वेश्चनेयर भी थमाया गया. लेकिन, अब इस पूरे मामले में रिजवान ने हाई कोर्ट का रुख कर लिया है. पाकिस्तानी क्रिकेटर ने लाहौर हाई कोर्ट में NCCIA के समन को चैलेंज कर दिया है. उन्होंने एक रिट याचिका दायर की है.

क्या है पूरा मामला?

क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों प्लेयर्स को मिले क्वेश्चनेयर का जवाब देने के लिए 15 सितंबर तक का समय दिया गया था. इमाम ने समय-सीमा तक जवाब भरकर किसी के जरिये वापस भेज दिए थे. लेकिन, रिजवान ने एजेंसी के जांच के तरीके और NCCIA के अधिकार क्षेत्र पर सवाल उठाते हुए जवाब दिया है.

14 सितंबर को मामले में रिजवान ने NCCIA के खि‍लाफ लाहौर हाई कोर्ट में एक रिट याचिका दायर की. इसमें उन्होंने कहा कि उन पर कोई ठोस आरोप नहीं लगाया गया है. उन्होंने पूछताछ के लिए बुलाने के NCCIA के अधिकार क्षेत्र पर भी सवाल उठाए. रिपोर्ट के मुताबिक, NCCIA के क्वेश्चनेयर में प्लेयर्स के ट्रेवल और एक्सपेंस के इतिहास के साथ पर्सनल और करियर से जुड़ी जानकारी शामिल थी. लेकिन, अब तक ये साफ नहीं हो सका है इसका संबंध PCB की जांच से है या नहीं.

इस पूरे मामले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पिछले सप्ताह एक स्टेटमेंट जारी किया था. इसमें उन्होंने किसी प्लेयर का नाम नहीं लिया था. लेकिन, ये बताया था कि डिसिप्लिन और कंडक्ट को लेकर उन्होंने एक इंटरनल जांच शुरू कर दी है. बोर्ड ने ये भी साफ किया था कि ये प्रक्रिया PCB के नियमों के तहत की जा रही है.

लॉर्ड्स टेस्ट के बाद भेज दिया गया था घर

दरअसल, इमाम और रिजवान उन 7 प्लेयर्स में शामिल थे, जिन्हें दूसरे टेस्ट के बाद घर भेज दिया गया था. इंग्लैंड के ख‍िलाफ इसी महीने हुई तीन मैचों की सीरीज में पाकिस्तान को क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था. हालांकि, पहले लीड्स में पारी और 103 रन और फिर लॉर्ड्स में 194 रनों से मिली हार के बाद PCB ने बड़ी कार्रवाई की थी. इमाम, रिजवान समेत 7 प्लेयर्स और दोनों कोच को अचानक वापस पाकिस्तान बुला लिया गया था.

इसके बाद, पिछले सप्ताह इमाम और रिजवान को NCCIA के सामने पेश होने के लिए कहा गया था. 10 सितंबर को दोनों एजेंसी के सामने पेश हुए थे. उनसे पूछताछ की गई और सवालनामे देकर वापस भेज दिया गया. इसी के बाद रिजवान ने एजेंसी के ख‍िलाफ हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है.

इमाम और रिजवान पर उठे थे सवाल

दरसअल, इंग्लैंड सीरीज में रिजवान कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके थे. 4 इनिंग्स में उनके बल्ले से महज 61 रन निकले थे. लीड्स में जहां उन्होंने 12 और 41 रन बनाए. लॉर्ड्स में वो सिर्फ 7 और 1 रन बना सके थे. लॉर्ड्स की दूसरी इनिंग्स में उनके शॉट सेलेक्शन की काफी आलोचना हुई थी.

वहीं, इमाम लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन ही चोटिल हो गए थे. उनके काफ में ग्रेड-1 का टियर हुआ था. इसके बाद, वो मैदान पर वापस नहीं लौटे. हालांकि, PCB के चीफ सेलेक्टर और हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर आकिब जावेद ने सार्वजनिक रूप से इमाम की चोट पर सवाल उठाए. उन्होंने इसकी जांच की चेतावनी भी दी थी. मामले में PCB ने सेलेक्टर्स से भी दोनों के सेलेक्शन पर सवाल उठाए थे.

Leave a Comment