विमेंस एशिया कप: दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका ने जीता टॉस, पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी करने को कहा

दुबई, 11 सितंबर (आईएएनएस)। विमेंस एशिया कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका की भिड़ंत पाकिस्तान के साथ हो रही है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है।

श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया है।

श्रीलंका का प्रदर्शन टूर्नामेंट में अब तक शानदार रहा है। ग्रुप स्टेज में श्रीलंका ने खेले सभी मुकाबलों को जीतकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया है। टीम की कप्तान चमारी अटापट्टू अच्छी लय में दिखाई दी हैं। बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी उनका प्रदर्शन कमाल का रहा है। इंडोनेशिया के खिलाफ श्रीलंकाई कप्तान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 5 रन देकर 7 विकेट चटकाए थे। वहीं, हर्षिता समरविक्रमा ने बांग्लादेश के खिलाफ 48 रनों की नाबाद पारी खेली थी। चमुदी प्रबोधा ने भी बांग्लादेश के खिलाफ बढ़िया गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे। वहीं, सुगंधिका कुमारी ने भी 2 विकेट निकाले थे।

दूसरी ओर, पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में हांगकांग, चीन के खिलाफ 72 रनों की बड़ी जीत दर्ज की थी। शवाल जुल्फिकार ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 47 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, गेंदबाजी में नशरा संधू ने शानदार गेंदबाजी करते हुए महज 7 रन देकर छह विकेट अपने नाम किए थे। कप्तान फातिमा सना भी अच्छी लय में दिखाई दी हैं। फातिमा ने भारत के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए थे। हांगकांग के खिलाफ उन्होंने बल्ले से भी अहम योगदान दिया था। थाईलैंड के खिलाफ मुनीबा अली ने अर्धशतकीय पारी खेली थी।

श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन: इमेशा दुलानी, चमारी अथापथु (कप्तान), संजना कविंदी, हर्षिथा समरविक्रमा, हासिनी परेरा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशिनी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), सुगंधिका कुमारी, चामुदी प्रबोदा और मिताली अयोध्या।

पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन:मुनीबा अली (विकेटकीपर), शवाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), एमान फातिमा, तुबा हसन, उम्म-ए-हानी, नशरा संधू और सादिया इकबाल।

Leave a Comment