दुनिया वर्कलोड का रोना रो रही, सिराज को लंबे ब्रेक से परेशानी, ईशान से पिटाई खाकर लौटी लय तो खुद किया खुलासा

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का कहना है कि उनका शरीर लंबे समय तक आराम का आदी नहीं है। अगर उन्हें लंबा ब्रेक मिलता है तो उनका रनअप ही बिगड़ जाता है। इस वजह से उनकी गेंदबाजी बेहद औसत दर्जे की हो जाती है।

दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में अपनी लय दोबारा हासिल करने के बाद सिराज ने यह बयान दिया है। इस दौरान उन्होंने श्रीलंका में अपनी साधारण गेंदबाजी पर भी बात की और इसकी वजह भी बताई।

सिराज ने कहा कि जब उन्हें लंबा ब्रेक मिलता है तो उनका शरीर इस पर सही प्रतिक्रिया नहीं देता। आमतौर पर खिलाड़ी ब्रेक के बाद तरोताजा होकर रन/विकेट की नई भूख के साथ वापसी करते हैं, लेकिन सिराज का शरीर अलग है। लंबे ब्रेक के बाद उनका रनअप सही नहीं रहता। गेंद भी हाथ से सही तरीके से नहीं निकलती। इस वजह से उनकी गति भी कम हो जाती है और विकेट से मूवमेंट मिलना भी बंद हो जाता है।

मैं रिदम बॉलर हूं- सिराज

दलीप ट्रॉफी फाइनल के बाद सिराज ने कहा, ‘मैं पूरी तरह से एक रिदम बॉलर हूं। अगर मैं सिंक में नहीं हूं, तो मैं क्रीज से बाहर नहीं निकल सकता। श्रीलंका में यही मुश्किल थी। मेरा रन-अप बिखरा हुआ लग रहा था। कुछ स्ट्राइड बहुत छोटे थे, कुछ बहुत लंबे, और इससे मेरा फ्लो टूट गया और मेरी गति पर असर पड़ा। हर बॉलर की बॉडी अलग होती है, लेकिन मेरी बॉडी लंबे ब्रेक को अच्छे से हैंडल नहीं कर पाती। छोटा ब्रेक ठीक है, लेकिन अपने दस साल के करियर में, मैंने कभी पूरे दो महीने की छुट्टी नहीं ली थी। मैं जिम में वर्कआउट कर रहा था और कभी-कभी बॉलिंग भी कर रहा था, लेकिन कितनी भी प्रैक्टिस कर लो, मैच की इंटेंसिटी को रिपीट नहीं किया जा सकता। यह एक नया एक्सपीरियंस था, लेकिन आगे बढ़ने के लिए यह मेरे लिए एक कीमती सीख है।’

कैसे लौटी सिराज की लय?

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सिराज की गति 120-125 की थी। इस वजह से श्रीलंकाई बल्लेबाज आसानी से उनका सामना कर रहे थे और उनके खिलाफ रन भी बना रहे थे। दलीप ट्रॉफी के फाइनल मैच में भी पहली पारी में सिराज की गति कम थी। हालांकि, इस दौरान उन्होंने कई लंबे स्पेल किए। ईशान किशन और ईस्ट जोन के बल्लेबाजों ने खूब रन बटोरे, लेकिन सिराज गेंदबाजी करते रहे। लंबे स्पेल करके वह लय में लौट आए। उनकी स्पीड बढ़कर 135 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई और उनकी गेंदें पिच पर गिरने के बाद भी हरकत करने लगी। उम्मीद है कि सिराज जल्द ही अपनी 140 किमी वाली गति हासिल कर लेंगे।

Leave a Comment