Duleep Trophy Final: तिलक वर्मा की फूटी किस्मत! 99 के स्कोर पर हुए आउट, 2 महीने में पहली बार खोया विकेट

Duleep Trophy Final: दलीप ट्रॉफी के फाइनल में साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा अपना शतक पूरा करने से सिर्फ 1 रन से चूक गए. मैच के चौथे दिन तिलक वर्मा 211 गेंद पर 99 रन बनाकर पर आउट हुए.

इसी के साथ वह इस टूर्नामेंट में लगातार दूसरे मैच में शतक लगाने से चूक गए. ईस्ट जोन के गेंदबाज मोहम्मद कौनैन कुरैशी ने तिलक वर्मा को अपना शिकार बनाया.

यह पिछले 2 महीने में पहली बार है, जब तिलक वर्मा (Tilak Varma) किसी फॉर्मेट में आउट हुए हैं. तिलक के आउट होने ही साउथ जोन की पहली पारी 336 के स्कोर पर ही सिमट गई. इससे ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन को 372 रनों की बड़ी लीड मिल गई. ईस्ट जोन ने पहली पारी 708 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था.

तिलक वर्मा ने अकेले लड़ी जंग

इस खिताबी मुकाबले में ईस्ट जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में ही 708 रन बनाए. इसके जवाब में उतरी साउथ जोन पहली पारी में सिर्फ 336 के स्कोर पर ही ढेर हो गई. साउथ जोन की ओर से कप्तान तिलक वर्मा ने अकेले जंग लड़ी. वह आखिरी तक एक छोर पर टिके रहे, जबकि दूसरे छोर से बल्लेबाज आउट होते रहे. आखिरकार तिलक वर्मा भी 211 गेंद पर 99 रन बनाकर आउट हुए. तिलक वर्मा के अलावा देवदत्त पडिक्कल ने 62 रनों की पारी खेली, जबकि चामा मिलिंद ने 43 रन बनाए.

ईस्ट जोन के गेंदबाजों ने बरपाया कहर

फाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन के गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी की. तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने 3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद शमी ने 2 विकेट चटकाए. उनके अलावा कौनैन कुरैशी और शिखर मोहन ने भी 2-2 विकेट हासिल किए. ईस्ट जोन के गेंदबाजों से पहले बल्लेबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया था. ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने 270 रनों की मैराथन पारी खेली थी. उनके अलावा कुमार कुशाग्र ने 101 रन बनाए, जबकि शिखर मोहन ने 85 रनों की पारी खेली. उनके अलावा अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 और वैभव सूर्यवंशी ने 44 रनों का योगदान दिया.

 

मैच का क्या हाल?

ईस्ट जोन को पहली पारी में 372 रनों की बड़ी बढ़त मिल गई है. इसके बाद ईस्ट जोन ने फॉलोऑन न देने का फैसला किया और दोबारा बल्लेबाजी करने उतरी. फिलहाल ईस्ट जोन अपनी दूसरी पारी खेल रही है.

Leave a Comment