Duleep Trophy Final LIVE Score: टी ब्रेक तक साउथ जोन की हालत खस्ता, कप्तान तिलक वर्मा के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी

Duleep Trophy Final LIVE Score: ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। आज मैच का तीसरा दिन है। मंगलवार को साउथ जोन की टीम पहली पारी में हालत खस्ता है।

दूसरा सेशन समाप्त हो गया है। टी ब्रेक तक साउथ जोन का स्कोर 56 ओवर में 176/5 रहा। फिलहाल, कप्तान तिलक वर्मा (59 गेंदों में 18) और श्रेयस गोपाल (12 गेंदों में 2) खेल रहे हैं। साउथ जोन को पांचवा झटका स्मरण रविचंद्रन (55 गेंदों में 23) के रूप में लगा। उन्हें मोहम्मद शमी ने 54वें ओवर में विकेट के पीछे कराया। स्मरण ने तिलक के साथ 45 रनों की साझेदारी की। देवदत्त पडिक्कल ने 104 गेंदों में चार चौकों की मदद से 62 रन बनाए। श्रीलंका दौरे पर शानदार प्रदर्शन करने वाले पडिक्कल को मुकेश कुमार ने 36वें ओवर में अपना शिकार बनाया। उन्होंने 65 गेंदों में फर्स्ट क्लास करियर का 22वां अर्धशतक कंप्लीट किया था।

पडिक्कल ने दो अर्धशतकीय साझेदारियां की

शेख रशीद ने 48 गेंदों में 27 रन जोड़े, जिसमें पांच चौके हैं। रशीद को शमी ने 34वें ओवर में एलबीडब्ल्यू किया। उन्होंने पडिक्कल के संग तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की पार्टनरशिप की। लंच ब्रेक तक साउथ जोन का स्कोर 30 ओवर में 115/2 था। ईस्ट जोन के 708 के जवाब में साउथ जोन की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर रिकी भुई 18 गेंदों में 1 रन ही बना सके। उन्हें मुकेश कुमार ने छठे ओवर में आउट किया। इसके बाद, एन जगदीसन ने पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 70 रनों की साजेदारी की। जगदीसन ने 42 गेंदों में छह चौको के जरिए 32 रन बनाए। उन्हें शिखर मोहन ने 19वें ओवर में पवेलियन भेजा।

साउथ जोन पहली पारी 176/5 (56 ओवर)

ईस्ट जोन पहली पारी 708/10 (163 ओवर)

ऐतिहासिक उपलब्धि से चूके ईशान

सोमवार को कप्तान ईशान किशन की बेहतरीन बैटिंग के दम पर ईस्ट जोन ने का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। ईशान ने 334 गेंदों में 270 रन बनाए। उन्होंने 30 चौकों और सात छक्के लगाए। उन्होंने इस पारी से भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने का दावा भी पेश किया। वह साल 2023 में भारत के लिए दो टेस्ट मैच खेल चुके हैं। ईशान दूसरे दिन ऐतिहासिक उपलब्धि से चूक गए। वह अगर 30 रन और बना लेते तो दलीप ट्रॉफी में तिहरा शतक लगाने वाले तीसरे प्लेयर बन जाते हैं। रमन लांबा ने 1987 और गगन खोडा ने 2001 में यह उपलब्धि हासिल की थी। ईशान 250 के निजी स्कोर पर रिटायर्ड हो गए थे। वह दोबारा बल्लेबाजी करने आए लेकिन 20 रन के बाद त्रिपुराना विजय का शिकार बन गए। त्रिपुराना ने ईशान और मुकेश कुमार (0) को एक ही ओवर में पवेलियन भेजकर ईस्ट जोन की पहली पारी को समेटा।

ऐसा करने वाले दूसरे कप्तान बने ईशान

ईशान दलीप ट्रॉफी फाइनल में डबल सेंचुरी लगाने वाले केवल दूसरे कप्तान हैं। उनके अलावा यह कारनामा अंशुमान गायकवाड़ ने किया था। अंशुमान ने 1987 में वेस्ट जोन की ओर से नॉर्थ जोन के खिलाफ 216 रनों की पारी खेली थी। ईशान ने पहले दिन 122 गेंद में शतक पूरा किया जबकि दूसरे शतक के लिए उन्होंने 148 गेंद खेलीं। ईशान ने शिखर मोहन (85) के संग चौथे विकेट के लिए 94 जबकि कुमार कुशाग्र (101) के साथ पांचवें विकेट के लिए 230 रनों की साझेदारी की। उन्होंने अनुकूल रॉय (45) के साथ छठे विकेट के लिए 140 रन जोड़े। युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने 44 और अभिमन्यु ईश्वरन ने 77 रनों का योगदान दिया।

ईस्ट जोन की प्लेइंग XI: अभिमन्यु ईश्वरन, वैभव सूर्यवंशी, कुमार कुशाग्र, सुदीप कुमार घरामी, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), शिखर मोहन, अनुकूल रॉय, मोहम्मद कौनैन कुरैशी, मोहम्मद शमी, अभिजीत के सरकार, मुकेश कुमार।

साउथ जोन की प्लेइंग XI: रिकी भुई, एन जगदीसन (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, शेख रशीद, तिलक वर्मा (कप्तान), स्मरण रविचंद्रन, श्रेयस गोपाल, त्रिपुराना विजय, मोहम्मद सिराज, चामा वी मिलिंद, एमडी निधीश।

Leave a Comment