‘कप्तान मिल गया है केकेआर को,’ दिग्गज क्रिकेटर का बड़ा खुलासा, अजिंक्य रहाणे की लेंगे जगह?

Rinku Singh: कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल में नया कप्तान तलाशने की जरूरत है या नहीं? इस सवाल का जवाब भारत के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना ने काफी हद तक दे दिया है। आईपीएल में अपने शानदार रिकॉर्ड के कारण मिस्टर आईपीएल के नाम से मशहूर रैना ने रिंकू सिंह के नाम पर खुलकर भरोसा जताया है।

रैना का यह बयान ऐसे समय आया है जब रिंकू सिंह ने यूपी टी20 लीग में मेरठ मेवरिक्स को अपनी कप्तानी में चैंपियन बनाया है। 6 सितंबर को खेले गए फाइनल में खिताब जीतने के साथ ही रिंकू ने अपनी कप्तानी का मजबूत दावा पेश किया। 2026 के यूपी टी20 लीग सीजन में उन्होंने मेरठ की कमान संभालते हुए 10 मुकाबले खेले और टीम को 9 जीत दिलाई।

रिंकू की कप्तानी पर बात करते हुए सुरेश रैना ने कहा “रिंकू सिंह की कप्तानी काबिल-ए-तारीफ है। यह चौथा सीजन है और चौथे फाइनल में खेल रहे हैं। केकेआर कप्तान को ढूंढ रही है लेकिन मुझे लगता है कि केकेआर को कप्तान मिल गया है। रिंकू सिंह पर थोड़ा निवेश करिए, उन्हें थोड़े मैच दीजिए।”

हालांकि सुरेश रैना ने तो रिंकू को आने वाला कप्तान बता दिया है लेकिन केकेआर अगले आईपीएल सीजन में रिंकू को कप्तानी सौंपती है या नहीं, यह अभी तय नहीं है। सुरेश रैना जैसे अनुभवी खिलाड़ी का खुलकर उनका नाम लेना निश्चित तौर पर रिंकू के कप्तानी दावे को मजबूत करता है।

केकेआर के उपकप्तान हैं रिंकू सिंह

रिंकू सिंह ने यूपी प्रीमियर लीग में तो जीत दर्ज की है लेकिन एक और खास बात यह है कि पिछले आईपीएल सीजन में वह केकेआर के लिए उपकप्तान के तौर पर खेले थे। अजिंक्य रहाणे अब टीम में नहीं हिया, वह रिटायर हो गए हैं। ऐसे में रिंकू सिंह के नाम पर गहनता से विचार किया जा सकता है।

रिटेंशन लिस्ट के बाद साफ़ हो सकती है स्थिति

आईपीएल में रिटेंशन प्लेयर्स की लिस्ट सामने आने के बाद चीजें साफ़ हो सकती हैं। यह तो तय है कि रिंकू सिंह केकेआर छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं। यूपी प्रीमियर लीग में उनकी कप्तानी पर नजर केकेआर मैनेजमेंट ने भी रखी होगी। उन्होंने भी कुछ विश्लेषण तो किया होगा।

Leave a Comment