BCCI मीटिंग से गायब रहने वाले अजीत अगरकर यहां दिखे, चीफ सिलेक्टर की फोटो हुई वायरल

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार (3 सितंबर) को मुंबई स्थित अपने मुख्यालय में रिव्यू मीटिंग की। मीटिंग में भारतीय टीम के प्रदर्शन, खिलाड़ियों की फिटनेस सहित कई मुद्दों पर चर्चा की गई।

समीक्षा बैठक में हेड कोच गौतम गंभीर, कप्तान शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया के अलावा कई अन्य अधिकारियों ने शिरकत की। हालांकि, चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर नहीं आए थे। वह ऑनलाइन भी नहीं जुड़े। मीटिंग से गायब रहने वाले अगरकर रविवार (6 सितंबर) को चेन्नई में दिखे। दरअसल, अगरकर यहां दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल देखने पहुंचे, जो ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा। 48 वर्षीय चीफ सिलेक्टर मैच के पहले दिन स्टैंड्स में नजर आए। उनकी फोटो वायरल हो रही।

मीटिंग में नहीं आने पर BCCI ने क्या कहा?

बीसीसीआई ने अगरकर के मीटिंग से गायब रहने पर प्रतिक्रिया दी थी। सचिव सैकिया ने मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत में कहा था, ”अजीत अगरकर मुंबई से बाहर थे। वह इसी वजह से मीटिंग में शामिल नहीं हो पाए। यह मीटिंग शॉर्ट नोटिस पर बुलाई गई थी। वह शायद ऐसी जगह पर थे जहां से ऑनलाइन जुड़ना मुमकिन नहीं था।” बैठक में अगरकर के कार्यकाल पर कोई चर्चा नहीं हुई जो सितंबर 2026 में समाप्त हो रहा है। ऐसे में उनके नदारद रहने पर अटकलें लगाई जाने लगी थीं। अगरकर ने 2023 में चीफ सेलेक्टर का पद संभाला था। उनका कार्यकाल बढ़ेगा या नहीं, बीसीसीआई ने अभी तक क्लियर नहीं किया। हालांकि, संभावना जताई जा रही कि बोर्ड उनका कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा सकता है।

BCCI के सामने ये है एकमात्र चुनौती

भारतीय क्रिकेट बोर्ड इस दिशा में काम करेगा कि ‘सेना’ देशों में किसी भी बड़ी सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेटरों को पर्याप्त आराम, परिस्थितियों के अनुकूल ढलने का समय और अभ्यास मैच मिल सकें। बैठक के बाद सैकिया ने कहा, ”हमने अपने एफटीपी से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया है जो जल्द ही विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बैठक करेंगे कि एफटीपी इस तरह तैयार किया जाए कि खिलाड़ियों को पर्याप्त आराम मिले। साथ ही, सेना देशों (दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड) में किसी भी बड़ी सीरीज से पहले खिलाड़ियों को वहां की परिस्थितियों के अनुकूल ढलने का पर्याप्त समय मिले या कुछ अभ्यास और मैत्री मैच खेलने का मौका मिले।” बीसीसीआई सचिव ने कहा, ”एकमात्र चुनौती यह है कि साल में बहुत ज्यादा मैच खेले जा रहे हैं और इसी वजह से अगले एफटीपी में हम कुछ बदलाव और उपाय करेंगे।”

Leave a Comment