Womens Asia Cup 2026 Updated Points Table- हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया विमेंस एशिया कप 2026 में विजयरथ पर सवाल है। थाइलैंड और हॉन्ग-कॉन्ग को बुरी तरह रौंदने के बाद भारत ने शनिवार, 5 सितंबर को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला खेला।
उम्मीद थी कि भारत को इस मुकाबले में थोड़ी बहुत टक्कर मिलेगी, मगर पाकिस्तान की टीम तो थाइलैंड और हॉन्ग-कॉन्ग से भी बुरा खेली। थाइलैंड ने भारत के खिलाफ 65 रन बनाए थे, जबकि हॉन्ग-कॉन्ग ने 56। पाकिस्तान की तो पूरी टीम भारत के खिलाफ 55 रनों पर ही सिमट गई। टीम इंडिया ने इस टारगेट को 3 विकेट खोकर 8.4 ओवर में चेज किया और विमेंस एशिया कप 2026 में जीत की हैट्रिक लगाई।
नंबर-1 के साथ भारत सेमीफाइनल में
हॉन्ग-कॉन्ग पर जीत दर्ज करने के बाद भारत को सेमीफाइनल का टिकट मिल गया था। पाकिस्तान के खिलाफ यह भारत का सिर्फ एक औपचारिक मैच ही था। हालांकि इस मैच को भी बड़े अंतर से जीतते हुए टीम इंडिया ने विमेंस एशिया कप 2026 पॉइंट्स टेबल में अपनी नंबर-1 की पोजिशन कन्फर्म की और शान से सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
भारत ने विमेंस एशिया कप 2026 में खेले तीनों मुकाबले जीते। 6 अंक और +5.471 के शानदार नेट रन रेट के साथ टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंची।
पाकिस्तान को इस हार के बाद सेमीफाइनल में जगह बनाने का इंतजार करना होगा। पाकिस्तान के खाते में फिलहाल 2 अंक है, वहीं थाइलैंड के पास भी इस समय 2 अंक है। पाकिस्तान का अगला मुकाबला हॉन्ग-कॉन्ग के खिलाफ है, सेमीफाइनल का टिकट कन्फर्म करने के लिए पाकिस्तान को हर हाल में यह मैच जीतना होगा। अगर उन्हें एक बड़े उलटफेर का शिकार बनना पड़ता है तो मामला नेट रन रेट पर जा अटकेगा।
श्रीलंका-बांग्लादेश के बीच आज ग्रुप-बी का सबसे बड़ा मैच
ग्रुप-बी में आज श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाना है। अगर लंका की टीम इस मैच को जीतने में कामयाब रहती है तो वह भारत की तरह जीत की हैट्रिक लगाते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाएगी। वहीं अगर बांग्लादेश ने उन्हें हरा दिया तो श्रीलंका को सेमीफाइनल में जगह कन्फर्म करने के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। बांग्लादेश को श्रीलंका के बाद मेजबान यूएई के खिलाफ भी मैच बाकी है, जिनके खाते में 2 अंक है।