ऐसा लग रहा है कि पाकिस्तानी टीम इंग्लैंड में क्रिकेट खेलने नहीं बल्कि विवादों की पूरी किताब लिखने गई है. इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है और टीम दोनों मैच हारकर सीरीज गंवा चुकी है.
अब सिर्फ एक टेस्ट मैच बचा है. दूसरे और तीसरे टेस्ट मैच में लंबा अंतराल होने के कारण भी पाकिस्तानी टीम से जुड़े विवाद सामने आ रहे हैं. अब एक ताजा मामला खिलाड़ियों के फोन जब्त करने का आया है. पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, PCB ने इंग्लैंड में मौजूद स्क्वॉड के कुछ खिलाड़ियों के फोन जब्त कर लिए हैं.
खिलाड़ियों के फोन जब्त, हो रही है जांच
जी हां, ये सुनने में भले ही स्कूल जैसा लगे लेकिन पाकिस्तानी मीडिया के दावे की मानें तो ऐसा ही है. एक रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि पाकिस्तानी बोर्ड ने अचानक ही टीम के कुछ खिलाड़ियों के फोन ले लिए और अभी तक वापस नहीं किए हैं. ये फोन क्यों लिए गए हैं और कब लौटाए जाएंगे, इसकी कोई वजह फिलहाल सामने नहीं आई है. मगर ये बताया जा रहा है कि PCB फिलहाल हालिया विवादों की जांच कर रही है.
ये ताजा घटनाक्रम पाकिस्तानी टीम के इंग्लैंड दौरे के विवादों से भरे सफर में नया एंगल लेकर आया है. इससे पहले लॉर्ड्स टेस्ट मैच में टीम की करारी हार के बाद अचानक पाकिस्तानी क्रिकेट में बवंडर खड़ा हो गया. ओपनर इमाम उल हक की ‘फर्जी चोट’ से ये सिलसिला शुरू हुआ, जो 7 खिलाड़ियों को अचानक दौरे से बाहर करने और फिर कोच सरफराज अहमद को हटाने तक पहुंच गया. इतना ही नहीं, यूनाइटे किंगडम के किंग चार्ल्स के साथ मुलाकात में कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ियों के जाने से इनकार करने की रिपोर्ट ने भी स्थिति को बिगाड़ा है.
तीसरे टेस्ट मैच की तैयारियों में टीम
इन सभी विवादों के साये में पाकिस्तानी टीम तीसरे टेस्ट मैच की तैयारियों में लगी है. पहले ही सीरीज गंवा चुकी बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम के पास अब सिर्फ अपनी इज्जत बचाने और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 12 पॉइंट हासिल करने का आखिरी मौका है. सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच 9 सितंबर से बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में होगा. इस शहर में काफी ज्यादा प्रवासी पाकिस्तानियों की मौजूदगी के चलते टेस्ट मैच में पाकिस्तानी टीम को काफी सपोर्ट मिलने की संभावना है.