पाकिस्तान की बत्ती गुल, भारत को दिया सिर्फ 56 रन का लक्ष्य; बना शर्मनाक रिकॉर्ड

भारत और पाकिस्तान की टीमें शनिवार (05 सितंबर) को 2026 महिला एशिया कप के लिए दुबई के दुबई इंटरनेशनल मैदान पर आमने-सामने हैं. टूर्नामेंट के 9वें मुकाबले में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया और टीम 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई. इस दौरान भारत के लिए श्री चरणी और प्रेमा रावत ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए.

यह टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान का सबसे छोटा टोटल रहा. इस तरह पाकिस्तान के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया.

अब टीम इंडिया को जीत दर्ज करने के लिए 20 ओवर में सिर्फ 56 रन बनाने होंगे. ग्रुप चरण के शुरुआती 2 मैच जीत चुकी टीम इंडिया के लिए यह बहुत बड़ा चैलेंज नहीं होगा. टीम आसानी से मुकाबला जीतने की काबीलियत रखती है.

27 रन पर गिरा पहला विकेट, फिर ताश के पत्तों की तरह बिखरी पाकिस्तान

पाकिस्तान के लिए शवाल जुल्फिकार ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 14 रन स्कोर किए, जिसमें 3 चौके शामिल रहे. टीम की कुल 9 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकीं.

टीम का पहला विकेट 27 रन पर मुनीबा अली के रूप में गिरा, जिन्होंने 1 चौके की मदद से 15 गेंदों में 13 रन बनाए. इसके बाद तो मानिए टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. दूसरा विकेट 28 रन पर, तीसरा 29 रन पर, चौथा 32 रन पर, पांचवां 35 रन पर, छठा 35 रन पर, सातवां 45 रन पर आठवां 48 रन पर, नौवां 54 रन पर और दसवां 55 रन पर गिरा.

मुनीबा और शवाल ने पहले विकेट के लिए 27 (27 गेंद) रनों की साझेदारी की. इसके अलावा दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी 10 रन की हुई, जो 7वें विकेट के लिए उम्मे हानी इमयान फातिमा ने की.

पाकिस्तान के लिए शवाल के अलावा मुनीबा ने 13 रन, आयशा जफर ने 02 रन, सदफ शम्स ने 03 रन, इमयान फातिमा ने 05 रन, उम्मे हानी ने 06 रन और तुबा हसन ने 09 रन बनाए. बाकी नशरा संधू, सादिया इकबाल, गुल फिरोजा और कप्तान फातिमा सना बगैर खाता खोले ही आउट हो गईं.

Leave a Comment