जसप्रीत बुमराह का होगा फिटनेस टेस्ट, 4 और गेंदबाज भी होंगे शामिल, अफगानिस्तान सीरीज से पहले एक्शन में BCCI

भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह समेत 4 खिलाड़ियों की फिटनेस का बड़ा टेस्ट होने वाला है. अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज से पहले बुमराह, हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर और नितीश कुमार रेड्डी मैच सिमुलेशन में हिस्सा लेंगे.

इन खिलाड़ियों के लिए 4 से 9 सितंबर के बीच प्रैक्टिस मैच आयोजित किए जाएंगे. बुमराह को अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम में जगह मिली है, लेकिन उनकी उपलब्धता फिटनेस मंजूरी पर निर्भर करेगी.

रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की मेडिकल टीम ने पिछले सप्ताह सेलेक्टर्स को बताया था कि चारों खिलाड़ी मेडिकल रूप से फिट हैं. हालांकि, उन्हें अभी मैच की परिस्थितियों में परखना जरूरी है. इन प्रैक्टिस मैचों के प्रदर्शन और शरीर पर पड़ने वाले दबाव के आधार पर उनकी अंतिम फिटनेस तय की जाएगी. सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को उम्मीद है कि चारों खिलाड़ी दिल्ली में होने वाली अफगानिस्तान सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे.

चोटों को लेकर बीसीसीआई की बढ़ी चिंता
भारतीय खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने के कारण बीसीसीआई का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी सवालों के घेरे में है. कई अहम खिलाड़ी चोट के कारण हाल की सीरीज में नहीं खेल सके हैं. मुंबई में हुई समीक्षा बैठक के बाद बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने माना कि लगातार व्यस्त क्रिकेट कैलेंडर खिलाड़ियों की चोटों की एक वजह हो सकता है. बोर्ड भविष्य के दौरा कार्यक्रम में खिलाड़ियों को पर्याप्त आराम और तैयारी का समय देने पर ध्यान दे सकता है. वहीं, प्रिंस यादव को बुमराह के बैकअप विकल्प के तौर पर तैयार रखा गया है.

न्यूजीलैंड दौरे से पहले लाल गेंद में उतरेंगे बुमराह
बुमराह के लिए सिर्फ टी20 सीरीज ही नहीं, बल्कि टेस्ट क्रिकेट में वापसी भी अहम है. तेज गेंदबाज ने करीब एक साल से लाल गेंद का मुकाबला नहीं खेला है. ऐसे में टीम मैनेजमेंट चाहता है कि न्यूजीलैंड दौरे पर टेस्ट वापसी से पहले बुमराह एक फर्स्ट क्लास मैच खेलें. इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि उनका घुटना लंबे मैच के दबाव को झेलने के लिए पूरी तरह तैयार है या नहीं. टीम किसी भी तरह का जोखिम लेने से पहले उनकी मैच फिटनेस को अच्छी तरह जांचना चाहती है.

Leave a Comment