Asian Games 2026 में टीम इंडिया का हेड कोच कौन होगा? इसकी जानकारी सामने आ गई है। हैरानी की बात यह है कि इस एशियाई टूर्नामेंट में क्रिकेट प्रतिस्पर्धा में इंडियन मेंस क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर नहीं होंगे।
एशियाड के लिए टीम इंडिया के हेड कोच के तौर पर बीसीसीआई ने पूर्व भारतीय बल्लेबाज और इस समय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के हेड वीवीएस लक्ष्मण को जापान भेजने का फैसला किया है। आधिकारिक रूप से टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर हैं, लेकिन वह जापान नहीं जाएंगे।
दरअसल, खेल मंत्रालय ने एशियन गेम्स के लिए एथलीट्स और सपोर्ट स्टाफ की लिस्ट फाइनल कर दी है कि कौन-कौन आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में हिस्सा लेगा। 750 से ज्यादा सदस्यों का दल जापान इन खेलों के लिए जाएगा, जिसमें सपोर्ट स्टाफ में क्रिकेट के खेल में वीवीएस लक्ष्मण का नाम हेड कोच के तौर पर है। उन्हीं का सीओई वाला पूरा सपोर्ट स्टाफ श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम को कोचिंग देगा।
20 सपोर्ट स्टाफ हैं क्रिकेट के लिए मंजूर
आपकी जानकारी के लिए बता दें, भारत की महिला और पुरुष दोनों टीमों के लिए कुल 20 सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी मिली है। आमतौर पर ज्यादा ही सपोर्ट स्टाफ भारतीय क्रिकेट टीम के साथ चलता है, लेकिन एशियन गेम्स के लिए नियम अलग हैं। यही कारण है कि बहुत सीमित सपोर्ट स्टाफ के साथ भारतीय क्रिकेट टीम ट्रेवल करेगी।
पहले भी एशियन गेम्स में कोच थे वीवीएस
हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं है, जब वीवीएस लक्ष्मण या कोई सीओई या एनसीए प्रमुख भारतीय टीम के साथ किसी द्विपक्षीय सीरीज या फिर एशियाई टूर्नामेंट के लिए कोच होगा। पहले भी ऐसा होता रहा है। यहां तक कि इंग्लैंड के दौरे के बाद भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली थी। वहां भी वीवीएस लक्ष्मण ही श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम के हेड कोच थे। इतना ही नहीं, चीन में 2023 में आयोजित हुए एशियन गेम्स में भी ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली टीम के हेड कोच वीवीएस लक्ष्मण ही थे। ऐसे में उनके लिए यह कोई नया अनुभव नहीं होगा।
एशियन गेम्स में क्रिकेट की प्रतिस्पर्धा जिस मैदान पर होनी है, असल में वह बेसबॉल का मैदान था। उसे क्रिकेट मैदान में तब्दील किया गया है। ड्रॉप-इन पिच का इस्तेमाल हो रहा है, जबकि ड्रेसिंग रूम की सुविधा भी अच्छी नहीं है। रिपोर्ट्स की मानें तो जिस होटल में क्रिकेट टीमों को ठहरना है, उसमें अगर दो लोग होंगे तो फिर किट रखने के लिए भी जगह नहीं होगी। इसके अलावा ड्रेसिंग रूम से वॉशरूम की दूरी भी कई 100 मीटर दूर बताई जा रही है।