अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने एक नई पहल शुरू की है. महिला क्रिकेट इतिहास में सबसे पहले चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट का आयोजन भारत में होगा. वीमेंस चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन अगले साल फरवरी महीने में होगा, जिसमें कुल 6 देश भाग लेंगे.
इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट की मेजबानी पहले श्रीलंका करने वाला था, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार सरकारी हस्तक्षेप बढ़ने की वजह से आईसीसी ने उससे मेजबानी छीन ली थी.
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के चुनाव बार-बार टाले जा रहे थे और बोर्ड का संचालन सरकार द्वारा गठित एक समिति कर रही थी. बोर्ड के कामकाज को लेकर स्पष्टता और सरकारी हस्तक्षेप बढ़ना ही मेजबानी खोने के मुख्य कारण रहे. अब ताजा अपडेट सामने आया है कि मेजबानी छीने जाने से श्रीलंका क्रिकेट को करीब 20 मिलियन अमेरिकी डॉलर का नुकसान होगा.
188 करोड़ रुपये का नुकसान
ICC ने चैंपियंस ट्रॉफी के मेजबान के रिप्लेसमेंट के तौर पर बांग्लादेश, भारत और दक्षिण अफ्रीका के नाम पर विचार किया था. अंत में भारत के नाम पर मुहर लगाई गई. रिपोर्ट्स की मानें तो चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी छिन जाने से श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को करीब 20 मिलियन अमेरिकी डॉलर का नुकसान हो सकता है. यह रकम भारतीय मुद्रा में 188 करोड़ रुपये से भी अधिक है. यह श्रीलंका के लिए बहुत बड़ा झटका है.
यह पहली बार नहीं है जब श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से किसी बड़े इवेंट की मेजबानी छीनी गई है. साल 2023 में आईसीसी ने ऐसा ही फैसला सुनाया था, जब अंडर-19 मेंस वर्ल्ड कप की मेजबानी श्रीलंका से लेकर दक्षिण अफ्रीका को सौंपी गई थी, क्योंकि श्रीलंका क्रिकेट में सरकार का हस्तक्षेप लगातार बढ़ रहा था, लेकिन आईसीसी के नियम इसकी अनुमति नहीं देते हैं.
श्रीलंका क्रिकेट को कौन चला रहा?
श्रीलंका क्रिकेट का कामकाज फिलहाल सरकार द्वारा गठित एक ट्रांसफॉरमेशन कमिटी देख रही है. आईसीसी साफ कह चुका है कि SLC का प्रशासन आईसीसी के संविधान के मुताबिक होना चाहिए. वहीं जब तक गवर्नेंस से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं निकल जाता तब तक श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी आईसीसी की बैठकों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे.
आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की बात करें तो यह टूर्नामेंट 14-28 फरवरी तक खेला जाएगा, जिसमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका भाग लेने वाले हैं. टूर्नामेंट राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेला जाएगा और पॉइंट्स टेबल की टॉप-2 टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा.