CPL 2026 के 24वें मुकाबले में पाकिस्तानी बल्लेबाज का धमाका देखने को मिला. ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में एंटीगा एंड बारबुडा फाल्कंस ने पहले बल्लेबाजी की, जिसके लिए खेलते हुए पाकिस्तानी बल्लेबाज ने CPL में अपनी सबसे बड़ी पारी की स्क्रिप्ट लिखी.
इतना ही नहीं ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के खिलाफ उसने जो कारनामा किया, वो भी पहली बार ही किया. बड़ी बात ये है कि इस पाकिस्तानी बल्लेबाज का ये पहला CPL सीजन भी है.
पाकिस्तान के लिए 10 महीने पहले खेला आखिरी मैच
अब आप सोच रहे होंगे कि हम यहां किस पाकिस्तानी बल्लेबाज की बात कर रहे हैं? CPL में अपनी अब तक की सबसे बड़ी पारी खेलने वाले पाकिस्तानी बल्लेबाज का नाम हसन नवाज है. 24 साल के हसन नवाज ने पाकिस्तान के लिए 10 महीने पहले अपना आखिरी मैच खेला था. उन्होंने नवंबर 2025 के बाद से कोई भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है.
CPL में पहली बार किया ऐसा, खेली अपनी सबसे बड़ी पारी
पाकिस्तान टीम से बाहर चल रहे हसन नवाज इस बार अपना पहला CPL सीजन खेल रहे हैं. उन्होंने एंटीगा एंड बारबुडा फाल्कंस से डेब्यू किया और ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के खिलाफ सीजन के 24वें मैच में बल्लेबाजी करते हुए पहली बार फिफ्टी प्लस का आंकड़ा पार किया. हसन नवाज ने 48 गेंदों में 76 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. ये उनके करियर T20 करियर का 12वां जबकि CPL में पहला अर्धशतक है.
मोइन अली के साथ हसन नवाज ने जोड़े 108 रन
इस अर्धशतकीय पारी के दौरान हसन नवाज ने चौथे विकेट के लिए मोइन अली के साथ शतकीय साझेदारी भी की. दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 61 गेंदों में 108 रन जोड़े. इस साझेदारी में हसन नवाज का योगदान 69 रन का रहा. वहीं मोइन अली ने 28 रन बनाए. इस पार्टनरशिप के दम पर एंटीगा एंड बारबुडा फाल्कंस की टीम 20 ओवर में 4 विकेट पर 183 रन बनाने में कामयाब रही.
अब तक 137 रन
अपने पहले अर्धशतक और CPL करियर की सबसे बड़ी पारी खेलते हुए हसन नवाज ने एंटीगा एंड बारबुडा फाल्कंस के लिए अब तक खेले 6 मैचों में 111 गेंदों का सामना करते हुए 137 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 5 छक्के शामिल हैं.