मानव सुथार-ओली रॉबिन्सन टॉप-5 में, ये पाकिस्तानी नंबर-1; 2026 में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट

इंग्लैंड वर्सेस पाकिस्तान टेस्ट सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 9 सितंबर से एजबेस्टन में खेला जाना है। इस मैच से पहले 2026 में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट सामने आई है।

वैसे तो पाकिस्तान की हालत इंग्लैंड दौरे पर खस्ता दिखाई दे रही है, मगर उनके तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास इस लिस्ट में पहले स्थान पर नजर आ रहे हैं। जी हां, पाकिस्तान के इस तेज गेंदबाज ने 2026 में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट चटकाए हैं। लिस्ट में दो इंग्लैंड के और एक-एक न्यूजीलैंड और भारत के भी गेंदबाज शामिल हैं। आइए एक नजर पूरी लिस्ट पर डालते हैं-

मोहम्मद अब्बास नंबर-1

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर 5 विकेट हॉल चटकाने वाले मोहम्मद अब्बास इंग्लैंड दौरे पर अभी तक 10 विकेट चटका चुके हैं। इन 10 विकेट के साथ वह 2026 में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में पहले पायदान पर पहुंच गए हैं। अब्बास ने अभी तक खेले 5 मैचों की 9 पारियों में सबसे अधिक 28 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उनका औसत 18.96 का रहा है।

जोश टंग और ओली रॉबिन्सन भी लिस्ट में

इंग्लैंड के दो तेज गेंदबाज जोश टंग और ओली रॉबिन्सन भी इस लिस्ट में मौजूद हैं। टंग 27 विकेट के साथ लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं, जबकि रॉबिन्सन ने 3 ही मैचों में गर्दा उड़ा दिया। चोट के बाद वापसी कर रहे रॉबिन्सन 3 मैचों की 6 पारियों में 23 विकेट चटकाए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ तो उन्होंने गर्दा ही उड़ा दिया। वह 2 मैचों में 16 विकेट के साथ ENG vs PAK टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज है।

मानव सुथार एकमात्र भारतीय

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले मानव सुथार ने बड़ी जल्दी ही इस लिस्ट में अपनी जगह बनाई है। श्रीलंका के खिलाफ हाल ही में हुई 2 मैच की टेस्ट सीरीज में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा था। कुल 3 मैचों की 6 पारियों में वह 23 विकेट चटका चुके हैं। वहीं न्यूजीलैंड के नाथन स्मिथ 24 विकेट के साथ उनसे एक कदम आगे हैं।

हैरानी की बात यह है कि मिचेल स्टार्क और जोफ्रा आर्चर जैसे घातक गेंदबाज टॉप-5 की इस लिस्ट में शामिल नहीं हैं।

Leave a Comment