पाकिस्तानी टीम और खिलाड़ी किसी न किसी वजह से अक्सर चर्चा में रहते ही हैं। इंग्लैंड में दो टेस्ट लगातार हारने के बाद टीम में उथल-पुथल मची हुई है। इस बीच एक खिलाड़ी के निजी जीवन से जुड़ी कुछ ऐसी जानकारियां सामने आई हैं, जिनसे भूचाल आ गया है।
यह क्रिकेटर इमाद वसीम हैं जिनकी एक्स वाइफ सानिया अशफाक ने एक इंटरव्यू में अपनी शादीशुदा जिंदगी के कुछ ऐसे अनुभव साझा किए हैं, जिनके बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर काफी चर्चा हो रही है।
एक यूट्यूब पॉडकास्ट में सानिया ने इमाद और उनके परिवार पर गर्भपात के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि 2023 में तीसरी बार गर्भवती होने के बाद उन्हें अपनी इच्छा के खिलाफ गर्भपात का सामना करना पड़ा।
तीसरी प्रेग्नेंसी के बाद बदले हालात
सानिया के मुताबिक, जब उन्हें अपनी तीसरी प्रेग्नेंसी के बारे में पता चला तो शुरुआत में इमाद काफी खुश थे। उन्होंने अपनी मां को भी यह खबर बताई थी। इसके बाद परिवार की तरफ से इस प्रेग्नेंसी को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इंटरव्यू में उन्होंने आरोप लगाया कि इमाद की मां ने बच्चे को जन्म देने के खिलाफ दबाव बनाया और कथित तौर पर उन्हें नुकसान पहुंचाने तक की धमकी दी। सानिया के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम के दौरान वह बेहद दबाव और डर की स्थिति में थीं।
सानिया ने सुनाई अस्पताल की कहानी
सानिया ने अस्पताल से जुड़ा अपना अनुभव भी साझा किया। उनका कहना है कि उस समय उनके साथ कोई करीबी व्यक्ति मौजूद नहीं था और उनके दो बच्चे भी उनके साथ थे।
उनका आरोप है कि उन्हें एक इंजेक्शन देने से पहले यह बताया गया कि इसका मकसद उन्हें शांत करना है। सानिया के मुताबिक इसके बाद जब उन्हें होश आया तो उनकी प्रेग्नेंसी खत्म हो चुकी थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया में उनकी सहमति नहीं ली गई थी। सानिया ने डॉक्टर और इमाद के बीच कथित मिलीभगत का भी दावा किया है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल उपलब्ध नहीं है।
भारत-पाक मैच से जोड़ा मामला
सानिया ने गर्भपात को भारत के खिलाफ हार से भी जोड़ा। न्यूयॉर्क में खेले गए उस मुकाबले में पाकिस्तान जीत की स्थिति में होने के बावजूद भारत से मैच हार गया था। सानिया के अनुसार मैच के बाद उन्होंने इमाद से कहा था कि जिस बच्चे को उनकी इच्छा के खिलाफ खत्म कराया गया, उसके लिए उन्हें यह हार सजा के तौर पर मिली है।