भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2026 का आगाज शानदार जीत के साथ किया, लेकिन इस मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा दीप्ति शर्मा की हुई. थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले में दीप्ति ने अपने 150वें T20 इंटरनेशनल मैच को यादगार बना दिया.
उन्होंने ऐसी गेंदबाजी की, जिसने उन्हें महिला T20I क्रिकेट में दुनिया की सबसे सफल गेंदबाज बना दिया.
7 गेंदों में 3 विकेट और एक भी रन नहीं
दीप्ति शर्मा ने थाईलैंड के खिलाफ सिर्फ 7 गेंदें फेंकी और इस दौरान 3 विकेट अपने नाम किए. खास बात यह रही कि उनके खाते में एक भी रन नहीं गया. उनका गेंदबाजी आंकड़ा 3 विकेट पर 0 रन रहा. दीप्ति ने पहले थाईलैंड की पारी के नौवें ओवर में दो विकेट लेकर टीम को मुश्किल में डाल दिया. इसके बाद वह 17वें ओवर में गेंदबाजी करने वापस आईं और पहली ही गेंद पर विकेट हासिल कर लिया. इस विकेट के साथ उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज
दीप्ति के इन तीन विकेटों के साथ उनके T20 इंटरनेशनल विकेटों की संख्या 171 हो गई. उन्होंने थाईलैंड की थिपाचा पुथावोंग को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 170 विकेट हैं. अब दीप्ति शर्मा महिला T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं. उनके बाद पुथावोंग 170 विकेट के साथ दूसरे नंबर पर हैं. रवांडा की हेनरीएट इशिम्वे 164 विकेट के साथ तीसरे और इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन 154 विकेट के साथ चौथे स्थान पर हैं.
150 T20I खेलने वाली तीसरी भारतीय महिला
दीप्ति शर्मा के लिए यह मुकाबला इसलिए भी खास था क्योंकि वह अपना 150वां T20 इंटरनेशनल मैच खेलने उतरी थीं. इसके साथ ही वह भारत की तरफ से 150 या उससे ज्यादा T20I खेलने वाली तीसरी महिला क्रिकेटर बन गईं. उनसे पहले हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं. यानी दीप्ति ने एक ही मुकाबले में दो बड़ी उपलब्धियां अपने नाम कीं.
भारत ने थाईलैंड को 94 रन से हराया
मुकाबले की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए. शेफाली वर्मा ने 36 गेंदों पर 64 रन की शानदार पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 3 छक्के लगाए. भारत के 159 रन के जवाब में थाईलैंड की पूरी टीम 16.1 ओवर में सिर्फ 65 रन पर सिमट गई. भारत ने यह मुकाबला 94 रन से अपने नाम किया.
दीप्ति के अलावा नंदनी शर्मा ने भी 3 विकेट लिए, जबकि श्री चरणी को 2 सफलता मिली. दीप्ति शर्मा का यह मुकाबला लंबे समय तक यादगार रहेगा. 150वें टी20 मैच में रिकॉर्डतोड़ गेंदबाजी, 171 विकेट और महिला T20I क्रिकेट की नंबर-1 गेंदबाज बनने का कारनामा, उन्होंने अपने इस खास दिन को इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज करा दिया.