इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान में उतरे समीर रिजवी की तूफानी नाबाद 91 रन की पारी के दम पर कानपुर सुपरस्टार्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4, पावर्ड बाय Vimal Elaichi और NCS, के कानपुर चरण के तीसरे और लीग के 25वें मुकाबले में नोएडा किंग्स को 8 विकेट से हरा दिया।
कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण मुकाबला 12-12 ओवर का कर दिया गया। नोएडा किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 6 विकेट पर 128 रन बनाए। जवाब में कानपुर सुपरस्टार्स ने 10.4 ओवर में 2 विकेट खोकर 130 रन बनाते हुए शानदार जीत दर्ज की।
समीर रिजवी ने 39 गेंदों में जड़े 91 रन
129 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज आदर्श सिंह दूसरी ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर प्रयांशु पांडेय 6 रन बनाकर प्रशांत वीर की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे समीर रिजवी ने मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने नोएडा के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए महज 39 गेंदों में नाबाद 91 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।

दूसरे छोर पर अभिषेक पांडेय ने भी उनका शानदार साथ दिया। उन्होंने 17 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 31 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 93 रन की अजेय साझेदारी कर कानपुर को आसान जीत दिला दी। कानपुर सुपरस्टार्स ने 10.4 ओवर में 2 विकेट पर 130 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच जिताऊ पारी खेलने वाले समीर रिजवी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

कप्तान प्रशांत वीर की फिफ्टी से नोएडा ने बनाए 128 रन
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी नोएडा किंग्स ने तेज शुरुआत की और निर्धारित 12 ओवर में 6 विकेट पर 128 रन बनाए। नोएडा के कप्तान प्रशांत वीर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उन्होंने आखिरी ओवरों में तेजी से रन जुटाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।इससे पहले शोएब सिद्दीकी और माधव कौशिक ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। शोएब ने 10 गेंदों पर 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 20 रन बनाए। वह तीसरे ओवर में अजय कुमार की गेंद पर विकेट के पीछे अभिषेक पांडेय को कैच दे बैठे।

इसके अगले ओवर में रवि सिंह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। माधव कौशिक ने 11 गेंदों पर एक चौके और चार छक्कों की मदद से 31 रन की तेज पारी खेली। हालांकि, नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से नोएडा की रन गति प्रभावित हुई। कानपुर की ओर से यशोवर्धन सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में महज 10 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। अजय कुमार को 2 विकेट मिले।

मंत्री राकेश सचान ने किया मैच का शुभारंभ
मुकाबले की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान और कानपुर के आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमिताभ बाजपेयी ने टॉस कराकर और पारंपरिक रूप से घंटा बजाने की रस्म के साथ की। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, मीडिया संयोजक अहमद अली खान तालिब, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, सोनभद्र क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अजीज अहमद समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।समीर रिजवी की आक्रामक बल्लेबाजी ने न सिर्फ कानपुर सुपरस्टार्स को शानदार जीत दिलाई, बल्कि दबाव की स्थिति में धैर्य और सकारात्मक क्रिकेट का बेहतरीन उदाहरण भी पेश किया।