इंग्लैंड में चल रही टेस्ट सीरीज में पाकिस्तानी टीम का वही हाल हुआ है, जिसकी उम्मीद थी. शायद ही किसी ने सोचा होगा कि पाकिस्तान किसी भी तरह इंग्लैंड को चुनौती दे पाएगा. वो भी इस खस्ता-हाल बैटिंग लाइन-अप के साथ.
मगर टीम का जैसा भी हाल हो, एक खिलाड़ी उम्मीदों पर खरा उतरा है और अपना कमाल दिखा रहा है. ये हैं तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास. इंग्लैंड के काउंटी क्रिकेट में खेलने का अच्छा अनुभव रखने वाले अब्बास ने इस अनुभव को लॉर्ड्स टेस्ट में उतारा और दूसरी पारी में अकेले ही इंग्लैंड के 5 विकेट चटका दिए.
इंग्लैंड-पाकिस्तान के बीच लॉर्ड्स टेस्ट मैच के चौथे दिन मोहम्मद अब्बास ने 2 विकेट लिए और पारी में अपने 5 विकेट पूरे किए. इंग्लैंड ने 177 रन पर 7 विकेट के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और पहले सेशन में ही बचे हुए तीनों विकेट गिर गए. इसमें से 2 विकेट दाएं हाथ के पेसर मोहम्मद अब्बास ने लिए. उन्होंने पहले डैन लॉरेंस को क्लीन बोल्ड किया और फिर ऑली रॉबिनसन को पवेलियन लौटाकर पारी में अपने 5 और मैच में कुल 9वां विकेट लिया.
मोहम्मद अब्बास के लिए ये बहुत खास था क्योंकि लॉर्ड्स में उनका दूसरा ही टेस्ट और कुल चौथी ही पारी थी. इस मैच की पहली पारी समेत तीनों पारियों में उन्हें 4-4 विकेट मिले थे और 5 विकेट हॉल से चूक गए थे. ऐसे में इस बार अब्बास ने अपना काम पूरा करके ही दम लिया. इतना ही नहीं, पूरे 16 साल के बाद लॉर्ड्स में किसी पाकिस्तानी तेज गेंदबाज ने टेस्ट पारी में 5 विकेट लेने का कमाल किया. उनसे पहले ये बाएं हाथ के पेसर मोहम्मद आमिर ने 2010 में किया था. वहीं लेग स्पिनर यासिर शाह ने 2016 में एक पारी में 5 विकेट लिए थे.