PCB-BCCI एक साथ आए, एशियन गेम्स से पहले बढ़ी चिंता, खराब क्रिकेट पिच और कमरे पर उठे सवाल

जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबले शुरू होने में अब तीन हफ्ते से भी कम समय बचा है, लेकिन उससे पहले आयोजन की तैयारियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं. नागोया (जापान) के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में क्रिकेट मैच खेले जाएंगे.

यहां बने निस्शिन क्रिकेट ग्राउंड को एक पुराने बेसबॉल मैदान को बदलकर तैयार किया गया है. इस मैदान का काम इसी साल मार्च में पूरा हुआ था. इसके बाद मई में आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्वालीफायर के कुछ मुकाबले यहां खेले गए थे.

रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मैदान की सुविधाओं और पिच की गुणवत्ता को लेकर चिंता जताई है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस मुद्दे को सबसे पहले उठाया था. इसके बाद भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और अफगानिस्तान के क्रिकेट बोर्ड के बीच बैठक हुई. अब एशियन क्रिकेट काउंसिल अपने प्रतिनिधियों को जापान भेजकर मैदान का निरीक्षण कराएगा. नई बनी पिच पर अब तक बहुत कम मैच हुए हैं और खिलाड़ियों के लिए बेहतर ड्रेसिंग रूम की सुविधा भी नहीं होने की बात सामने आई है.

मैदान के साथ होटल के कमरों पर भी सवाल
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इस मामले को भारतीय ओलंपिक संघ और एशियन गेम्स आयोजन समिति के सामने भी उठाया है. मैदान से करीब 20 किलोमीटर दूर नागोया के होटलों में खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है. क्रिकेटरों के अलावा फुटबॉल और सॉफ्टबॉल खिलाड़ियों को भी इन्हीं होटलों में रखा जाएगा. हालांकि, एक अधिकारी ने बताया कि कमरे काफी छोटे हैं. दो खिलाड़ियों के साथ उनके सामान और क्रिकेट किट रखने में परेशानी हो सकती है. अगर एक खिलाड़ी अपना किटबैग खोलता है, तो कमरे में खड़े होने तक के लिए ज्यादा जगह नहीं बचेगी. आयोजक अब इसका समाधान तलाश रहे हैं.

स्टार खिलाड़ियों से सजी है भारतीय टीम
इन परेशानियों के बावजूद भारत ने एशियन गेम्स के लिए मेंस और महिला दोनों वर्गों में मजबूत टीमें चुनी हैं. मेंस टीम में श्रेयस अय्यर, जसप्रीत बुमराह और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. वहीं महिला टीम में हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना जैसे बड़े नाम मौजूद हैं. ऐसे में एशियन गेम्स शुरू होने से पहले एशियन क्रिकेट काउंसिल की जांच और आयोजकों की तैयारियों पर सभी की नजर रहेगी. भारत को उम्मीद होगी कि मुकाबले शुरू होने से पहले मैदान और खिलाड़ियों से जुड़ी सभी समस्याओं का समाधान कर लिया जाएगा.

Leave a Comment