कोलंबो में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल आखिरी सेशन में आई बारिश के चलते जल्दी खत्म करने का फैसला लिया गया। श्रीलंकाई टीम ने पहली पारी में फॉलोऑन मिलने के बाद दूसरी पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 229 रन बना लिए थे, जिसमें उनके पास अब कुल 16 रनों की बढ़त हासिल हो चुकी है।
भारतीय टीम की नजरें अब पांचवें दिन के खेल में बाकी के चार विकेट जल्दी हासिल करने पर रहने वाली हैं ताकि जो भी टारगेट मिले उसे हासिल किया जा सके। भारत की तरफ से श्रीलंका की दूसरी पारी में अब तक मानव सुथार ने दो विकेट लिए हैं जबकि प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, सारांश जैन और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट हासिल किया है। चौथे दिन का खेल खत्म होने पर श्रीलंका की तरफ से सोनल दिनुशा 7 और केशारा नुवांथा तीन रन बनाकर खेल रहे हैं।
श्रीलंका की पहली पारी चौथे दिन के खेल के आगाज के साथ ही 290 रनों पर सिमट गई और फॉलोऑन बचाने में नाकाम रही। लंका की टीम भारतीय टीम के पहली पारी के स्कोर से 213 रन पीछे रह गई। चौथे दिन लंका के बल्लेबाज सोनल दिनुशा ने शानदार शतक जड़ते हुए फॉलोऑन बचाने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं मिल सकी। भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने 3-3 विकेट अपनी झोली में किए। वहीं, सारांश जैन ने 2 विकेट अपने नाम किए। रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज को एक-एक सफलता मिली।
इससे पहले तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने 8 विकेट पर 265 रन बनाए थे। भारत ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 503 रन बनाकर घोषित की थी। भारत के लिए बारिश अभी भी एक अहम चुनौती बनी हुई है। मुकाबले के दौरान लगातार मौसम की वजह से खेल प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में भारतीय टीम जल्द से जल्द नतीजे की दिशा में बढ़ना चाहेगी। भारतीय टीम के पास अब 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में श्रीलंका का 2-0 से सूपड़ा साफ करने का शानदार मौका है। टीम इंडिया ने इससे पहले गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में मेजबान टीम को 165 रनों के बड़े अंतर से हराया था।