पाकिस्तान की सीनियर टीम का तो इंग्लैंड दौरा खत्म हो चुका है. मगर पाकिस्तान की अंडर 19 टीम की वहां वनडे सीरीज अब भी जारी है. 14 सितंबर को खेले तीसरे वनडे में इंग्लैंड की U19 टीम ने पाकिस्तान की U19 टीम को हरा दिया.
दोनों टीमों के बीच खेला ये मुकाबला रनों से लबालब रहा, जिसमें 602 रन बने. पाकिस्तान U19 ने 4 मैचों की सीरीज के पहले दोनों वनडे जीते थे. ऐसे में इंग्लैंड U19 के लिए तीसरे वनडे में जीत अपनी सीरीज हार को टालने के लिए जरूरी थी और उन्होंने वही किया. अब इंग्लैंड U19 के पास सीरीज जीतने का तो नहीं लेकिन उसे बराबरी पर खत्म करने का मौका है.
इंग्लैंड U19 के लिए 2 डेब्यूटेंट का कमाल
इंग्लैंड U19 को जीत दिलाने में इस मैच में डेब्यू करने वाले उसके दो खिलाड़ियों का बड़ा योगदान रहा. एक ने बल्ले से कमाल किया तो दूसरे ने गेंद से कहर बरपाया. हम बात कर रहे हैं, थियो लैमे और जैक ऑइड की. इन दोनों खिलाड़ियों का U19 क्रिकेट में ये पहला वनडे था.
थियो लैमे ने खेली 58 रन की पारी
थियो लैमे ने मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड U19 टीम के लिए शानदार अर्धशतक लगाया. उन्होंने चौथे नंबर पर खेलते हुए 8 चौके की मदद से 85 गेंदों में 58 रन बनाए. इस तरह वो टीम के दूसरे टॉप स्कोरर भी रहे. उनसे ज्यादा 72 रन सिर्फ जैक निलसन ने बनाए. इन दोनों के बीच शतकीय साझेदारी भी हुई, जिसने इंग्लैंड U19 को 50 ओवर में 6 विकेट पर 302 रन तक पहुंचने में मदद की.
जैक ने 10 ओवर में झटके 3 विकेट
अब पाकिस्तान U19 के सामने 303 रन का लक्ष्य था, जिसका पीछा करने के दौरान उसका आगाज ही बिगड़ गया. इंग्लैंड U19 के लिए डेब्यू करने वाले गेंदबाज जैक ऑइड ने उसके इनफॉर्म ओपनर उस्मान खान को सस्ते में चलता कर दिया. इस झटके के बाद भी पाकिस्तान ने रन चेज के लिए अपना संघर्ष जारी रखा.
पाकिस्तान U19 के मिडिल ऑर्डर में जब उसके कप्तान फरहान युसूफ खतरा बनने लगे तो जैक ने उन्हें भी आउट किया. फरहान ने सिर्फ 24 रन बनाए. उनके अलावा जैक ने अपना अगला और मैच में तीसरा और आखिरी शिकार पाकिस्तान U19 के लिए अर्धशतक जमाने वाले हसनैन अब्बास डार को बनाया. 56 रन के निजी स्कोर पर जैक ने हसनैन की गिल्लियां बिखेर दी. जैक ऑइड ने मैच में 10 ओवर में 67 रन देकर 3 विकेट लिए.
602 रन वाले मैच में PAK U19 की हार
पाकिस्तान U19 के लिए सबसे ज्यादा 86 रन विकेटकीपर बल्लेबाज हामजा जुहूर ने बनाए. हामजा की पारी ने पाकिस्तान U19 को 50 ओवर में 300 रन तक तो पहुंचाया मगर वो 303 रन के लक्ष्य से दूर रह गए. इस तरह मैच में दोनों टीमों के मिलाकर कुल 602 रन बने, जिसे आखिर में इंग्लैंड ने 2 रन से जीता. इस मुकाबले के बाद 4 मैचों की वनडे सीरीज 1-2 के स्कोरलाइन पर आकर खड़ी हो गई है.