RAshwin New Bowling Action: अपनी चतुर रणनीतियों और लगातार नए कोशिशों के लिए पहचाने जाने वाले भारतीय दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने एक बार फिर क्रिकेट जगत को चौंका दिया है. इनॉग्रल यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग 2026 में डबलिन गार्जियंस की कप्तानी कर रहे 39 साल के अश्विन मैदान पर एक नए बॉलिंग एक्शन के साथ नजर आए.
एम्सटर्डम फ्लेम्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान उनके इस बदले हुए एक्शन और नई रिलीज तकनीक ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
अश्विन ने बदला रन-अप और रिलीज पॉइंट
स्पोर्टपार्क वेस्टविलेट में खेले गए इस मुकाबल में अश्विन ने अपनी गेंदबाजी तकनीक में कई बारीक बदलाव किए. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अश्विन ने अपने रन-अप को थोड़ा छोटा किया है और क्रीज पर डिलीवरी स्ट्राइड के समय ज्यादा साइड-ऑन गैदरिंग अपनाई है. माना जा रहा है कि अश्विन ने यह तकनीकी बदलाव यूरोपीय पिचों की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किया गया है, ताकी गेंद को सतह से तेज ग्रिप, तेज ड्रिफ्ट और ज्यादा बाउंस मिल सके और बल्लेबाजों के लिए बड़े शॉट खेलना मुश्किल हो.
अपने पूरे इंटरनेशनल और फ्रेंचाइजी करियर में अश्विन कैरम बॉल, पॉज एक्शन और लेग स्पिन जैसी कोशिश करने से कभी पीछे नहीं हटे, अब 39 की उम्र में भी उनकी यह नई कोशिश हर किसी का ध्यान खींच रही है. खास बात ये भी रही कि इस नए बॉलिंग एक्शन के साथ उन्होंने कमाल की गेंदबाजी की. अश्विन ने एम्सटर्डम फ्लेम्स के खिलाफ इस मैच में 4 ओवर गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 18 रन ही खर्च किए और 1 सफलता भी हासिल की.
राहुल द्रविड़ की टीम से खेल रहे हैं अश्विन
अश्विन इस लीग में पूर्व भारतीय हेड कोच राहुल द्रविड़ के मालिकाना हक वाली फ्रेंचाइजी डबलिन गार्जियंस के कप्तान और मेंटॉर की भूमिका निभा रहे हैं. हालांकि टीम को शुरुआती चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. लेकिन अश्विन ने अपनी गेंदबाजी की छाप जरूर छोड़ी है. ऐसे में डबलिन गार्जियंस अपने कप्तान की इस धारदार गेंदबाजी के दम पर टूर्नामेंट में वापसी करना चाहेगी.