357 स्ट्राइक रेट, 14 गेंद, 50 रन, 6 चौके और 4 छक्के?, हरमनप्रीत, शेफाली, सना, हैरिस, केली और मंधाना से आगे रावत

पुणेः भारतीय ऑलराउंडर प्रेमा रावत ने सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के मैच में मंगलवार को यहां 14 गेंदों में अर्धशतक जड़कर महिला टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 50 रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया।

उत्तराखंड की इस 24 वर्षीय खिलाड़ी ने अपनी पारी में छह चौके और चार छक्के लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 357 रहा।

उनकी इस पारी के दम पर उत्तराखंड ने हैदराबाद को 89 रन से हराया। महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना के नाम है, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में जिम्बाब्वे के खिलाफ 15 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी। इंग्लैंड की मैरी केली और ऑस्ट्रेलिया की लौरा हैरिस ने भी घरेलू क्रिकेट में 15 गेंदों में अर्धशतक बनाए हैं।

रावत की नाबाद 50 रन की विस्फोटक पारी की बदौलत उत्तराखंड ने निर्धारित 20 ओवरों में दो विकेट पर 187 रन बनाए। इसके जवाब में हैदराबाद की टीम आठ विकेट पर 98 रन ही बना सकी। प्रेमा रावत ने गेंदबाजी में भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 12 रन देकर दो विकेट लिए।

Leave a Comment