3-4 शतक की थी तैयारी, फिर क्यों लिया टेस्ट से संन्यास; विराट कोहली पर दिग्गजों का खुलासा

विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की खबर ने मई 2025 में क्रिकेट जगत को चौंका दिया था. वजह ये थी कि उनके इंग्लैंड दौरे पर खेलने की तैयारी करने की बात सामने आई थी. दिल्ली के पूर्व कोच सरनदीप सिंह के मुताबिक, विराट इस दौरे पर 3 से 4 शतक लगाने का सपना देख रहे थे.

फिर ऐसा क्या हुआ कि उन्होंने टेस्ट क्रिकेट छोड़ने का फैसला कर लिया. अब पूर्व भारतीय ओपनर वसीम जाफर ने इस मामले पर अपनी राय रखी है, लेकिन संन्यास की असली वजह अब भी साफ नहीं है.

विराट कोहली ने 12 मई 2025 को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया था. वो भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तानों में शामिल हैं. उनकी कप्तानी में टीम ने कई बड़ी जीत दर्ज की थीं. ऐसे में इंग्लैंड दौरे से पहले उनका ये फैसला फैंस के लिए हैरान करने वाला था. टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लेने के बाद अब विराट वनडे क्रिकेट में खेल रहे हैं.

वसीम जाफर ने विराट को लेकर क्या कहा

पूर्व भारतीय ओपनर वसीम जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर इस मामले पर बात की. उनके मुताबिक, ऐसा लग रहा था कि विराट अपने साथ हुए व्यवहार से कुछ नाराज थे. जाफर का मानना था कि विराट जैसे बड़े खिलाड़ी में अभी और टेस्ट क्रिकेट खेलने की क्षमता थी. लेकिन, उन्होंने यह भी कहा कि विराट के फैसले के पीछे की असली वजह तभी पता चलेगी, जब वो खुद इस बारे में बताएंगे.

इंग्लैंड दौरे पर 3-4 शतक लगाने का था सपना

दिल्ली के पूर्व कोच सरनदीप सिंह ने बताया था कि जनवरी 2025 में रणजी ट्रॉफी के दौरान विराट इंग्लैंड दौरे पर खेलने की तैयारी कर रहे थे. सरनदीप के अनुसार, विराट इस सीरीज में 3-4 शतक लगाने का लक्ष्य लेकर चल रहे थे. उन्होंने दौरे से पहले इंडिया के लिए 2 मैच खेलने की इच्छा भी जताई थी.

अगरकर के मुताबिक, विराट ने अप्रैल 2025 की शुरुआत में उनसे संपर्क कर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की इच्छा जताई थी. दूसरी तरफ, सरनदीप के बयान से पता चलता है कि विराट जनवरी में इंग्लैंड दौरे की तैयारी कर रहे थे. इन दोनों बातों के बीच विराट का फैसला कब और क्यों बदला, इसकी सही वजह सामने नहीं आई है.

Leave a Comment