श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम इंडिया हाल ही में जापान से एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतकर भारत लौटी है। ANI के अनुसार कुछ भारतीय खिलाड़ी सोमवार, 5 अक्टूबर को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर लैंड हुए।
भारत ने पाकिस्तान को फाइनल में हराकर लगातार दूसरा गोल्ड मेडल जीता। भारतीय टीम का आगे का शेड्यूल काफी बिजी रहने वाला है। टीम इंडिया को कल यानी मंगलवार, 6 अक्टूबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज का पहला मुकाबला लखनऊ में खेलना है। भारतीय खिलाड़ी पहले दिल्ली से लखनऊ जाएंगे, इसके बाद मैच की तैयारी करेंगे। टीम इंडिया का बिजी शेड्यूल यहीं खत्म नहीं होता। भारत को अगले 27 दिनों में दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ 10 टी20 मैच खेलने हैं। आइए एक नजर भारतीय टीम के शेड्यूल पर डालते हैं-
भारत बनाम वेस्टइंडीज 5 मैच की टी20 सीरीज 6 अक्टूबर से
वेस्टइंडीज को 3 मैच की वनडे सीरीज में 2-1 से धूल चटाने के बाद भारत को मेहमानों के खिलाफ 5 मैच की टी20 सीरीज भी खेलनी है। सीरीज का पहला मैच 6 अक्टूबर को लखनऊ में खेला जाना है। इसके बाद अलगे चार मैच क्रमश: 9 अक्टूबर को रांची, 11 अक्टूबर को इंदौर, 14 अक्टूबर को हैदराबाद और 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में खेले जाएंगे।
17 तारीख को वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खत्म करने के बाद भारत को 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्हीं के घर 5 मैच की टी20 सीरीज खेलनी है। भारतीय टीम को ट्रैवलिंग और कीवी कंडीशन में ढलने के लिए सिर्फ 4 दिन का ही समय मिलेगा।
IND vs NZ T20I सीरीज शेड्यूल
भारत के न्यूजीलैंड दौरे का आगाज 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में खेले जाने वाले पहले टी20 से होगा। टीम इंडिया के लिए अच्छी बात यह है कि दूसरा टी20 जो 24 अक्टूबर को खेला जाना है, वह भी इसी मैदान पर होगा। ऐसे में भारत का ट्रैवलिंग का समय बचेगा। हालांकि 27 अक्टूबर को होने वाले तीसरे टी20 के लिए टीम इंडिया को वेलिंगटन जाना पड़ेगा। सीरीज का चौथा और पांचवां टी20 क्रमश: 30 अक्टूबर को ऑकलैंड और 1 नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाना है।
इस तरह भारतीय टीम 27 दिनों में 2 अलग-अलग टीमों के खिलाफ 2 अलग-अलग देशों में 5-5 मैच की टी20 सीरीज खेलेगी।