Naveen-ul-Haq: आईपीएल में विराट कोहली के साथ तीखी नोकझोंक के बाद इंटरनेशनल लेवल पर सुर्खियों में आए अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक अब क्रिकेट के मैदान पर बिल्कुल नए रोल में नजर आने वाले हैं.
लंबे समय से नेशनल टीम से बाहर चल रहे 27 साल के नवीन अब गेंद छोड़कर हाथ में माइक थामेंगे. वो अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच 9 अक्टूबर से अबू धाबी के जायद क्रिकेट स्टेडियम में शुरू हो रहे टेस्ट मैच में कमेंट्री पैनल का हिस्सा बन गए हैं.
नवीन-उल-हक क्यों बने कमेंटेटर?
सिर्फ 27 साल की उम्र में कमेंटेटर पैनल से जुड़ने के फैसले ने सोशल मीडिया पर नवीन-उल-हक के अचानक क्रिकेट करियर को अलविदा कहने की अफवाहों को हवा दे दी. हालांकि, इन चर्चाओं के जोर पकड़ते ही अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने तुरंत सामने आकर स्थिति साफ कर दी है. नवीन-उल-हक के खेल को अलविदा कहने की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव नसीब खान ने उनके कमेंट्री से जुड़ने की असली वजह बताई है.
नसीब खान ने बताया, ‘नवीन इस समय चोट से उबर रहे हैं और उनका रिहैबिलिटेशन अभी चल रहा है. इस समय उनकी प्राथमिकता रिहैब पूरा करके पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करना है. उनके कमेंट्री पैनल में शामिल होने को उनके खेल करियर से जुड़े किसी आखिरी फैसले के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए. नवीन एक खिलाड़ी के रूप में हमारी योजनाओं का हिस्सा बने हुए हैं और फिटनेस हासिल करते ही वो सेलेक्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे.’
2023 में छोड़ा था वनडे, 2024 में खेला था आखिरी मैच
नवीन-उल-हक ने भारत में खेले गए वनडे विश्व कप 2023 के बाद 50 ओवर के फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था. इसके बाद से वो ज्यादातर समय क्रिकेट से दूर रहे हैं. इंटरनेशनल लेवल पर उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला साल 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था. तब से ही वो लगातार चोटों से जूझ रहे हैं. अब वो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के पूर्व अध्यक्ष और दिग्गज पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा के साथ कमेंट्री बॉक्स शेयर करते हुए नजर आएंगे.