11वें नंबर के बल्लेबाज से करवा दी ओपनिंग, स्टोक्स की टीम का अजीब फैसला, 6 गेंदों में रन चेज पूरा

इंग्लैंड में एक तरफ लॉर्ड्स टेस्ट मैच का रोमांच देखने को मिल रहा है तो वहीं काउंटी चैंपियनशिप का एक्शन भी हो रहा है. लॉर्ड्स में तो उम्मीदों के मुताबिक, इंग्लैंड के सामने पाकिस्तानी टीम संघर्ष करती दिखी है.

वहीं काउंटी क्रिकेट में अलग-अलग नजारे दिख रहे हैं. इसमें सबसे चौंकाने वाला नजारा दिखा डरहम और ग्लूस्टरशर के मुकाबले में, जहां आखिरी दिन डरहम ने अपने 11वें नंबर के बल्लेबाज को ओपनिंग के लिए उतार दिया. इस बल्लेबाज ने निराश भी नहीं किया और सिर्फ 6 गेंदों में टीम को जिता दिया.

मगर ऐसा हुआ क्यों? चलिए आपको विस्तार से बताते हैं. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स के काउंटी क्लब डरहम के होम ग्राउंड चेस्टर-ले-स्ट्रीट में डरहम और ग्लूस्टर के बीच काउंटी चैंपियनशिप का मैच हुआ. इस मुकाबले में मेजबान डरहम पूरी तरह हावी रही. उसने पहले तो ग्लू्स्टरशर को सिर्फ 137 रन पर ढेर कर दिया और फिर खुद 384 रन बनाए. इसके बाद दूसरी पारी में भी डरहम ने ग्लूस्टर को ज्यादा देर नहीं टिकने दिया और 250 रन पर ही निपटा दिया.

11वें नंबर के बल्लेबाज को क्यों बनाया ओपनर?

मैच के तीसरे दिन डरहम ने ग्लूस्टर की पारी को खत्म कर दिया था. इसके बाद डरहम को जीत के लिए जो लक्ष्य मिला, वो बहुत मामूली था. सिर्फ 4 रन का. मगर अंपायर ने तब बारिश और खराब रोशनी के कारण मैच रोक दिया था. ऐसे में चौथे दिन डरहम अपने छोटे से रनचेज के लिए उतरी और उसने पारी की शुरुआत के लिए नियमित ओपनर ऑली रॉबिनसन के साथ मैथ्यू पॉट्स को भेजकर सबको चौंका दिया.

पॉट्स इस टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज हैं और वो आम तौर पर निचले क्रम में 9वें से 11वें नंबर के बीच बैटिंग करते हैं. इस मैच की पहली पारी में भी पॉट्स ने 11वें नंबर पर बैटिंग की थी. मगर दूसरी पारी में उनसे न सिर्फ ओपनिंग करवाई गई बल्कि उन्होंने ही पहले ओवर की पहली गेंद का सामना किया. पॉट्स ने शुरुआती 5 गेंदों में कोई रन नहीं बनाया और फिर छठी गेंद पर चौका जमाकर मैच खत्म कर दिया. इस तरह डरहम ने 10 विकेट से ये मैच अपने नाम कर लिया.

Leave a Comment